द फॉलोअप डेस्क
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सोमवार सुबह नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा बिछाए गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) में विस्फोट होने से छत्तीसगढ़ पुलिस की जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के एक जवान की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य कर्मी घायल हो गए।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि यह विस्फोट उस समय हुआ जब DRG की एक टीम क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। इस दौरान अचानक IED धमाका हुआ, जिसमें जवान दिनेश नाग शहीद हो गए।
घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें सुरक्षित जंगल से बाहर निकाला जा रहा है। अधिकारी ने यह भी बताया कि यह अभियान रविवार से शुरू किया गया था, और इसकी विस्तृत जानकारी उचित समय पर साझा की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है और पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
