logo

लोस चुनाव में हुई गड़बड़ी, सबूत देंगे राहुल गांधी, कहा- "भारत में चुनाव आयोग अब मर चुका है"

rahul_gandhi0321.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। शनिवार को कांग्रेस के विधि प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सम्मेलन में उन्होंने कहा कि उनके पास अब ऐसे दस्तावेज और आंकड़े मौजूद हैं जो यह दर्शाते हैं कि चुनाव निष्पक्ष नहीं थे। राहुल गांधी ने कहा, "2024 के चुनाव में गड़बड़ी हुई है और हम अब इसके पुख्ता प्रमाण सामने रखेंगे।"
फर्जी वोटर लिस्ट का आरोप, कहा- ये सिर्फ शुरुआत है
राहुल गांधी ने एक संसदीय क्षेत्र का हवाला देते हुए दावा किया कि वहां की वोटर लिस्ट की जांच में करीब 1.5 लाख फर्जी वोटर पाए गए। उन्होंने इसे एक अपवाद नहीं, बल्कि एक संगठित योजना बताया जो व्यापक स्तर पर लागू की गई थी। यह बयान उन्होंने विज्ञान भवन में आयोजित पार्टी के विधिक सम्मेलन में दिया।


“15-20 सीटों का फर्क होता, तो मोदी पीएम नहीं बनते”
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने यह भी कहा कि अगर बीजेपी को कुछ सीटें कम मिलतीं तो केंद्र में उनकी सरकार नहीं बनती। उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाते हुए कहा, "भारत में चुनाव आयोग अब मर चुका है, यह स्वतंत्र संस्था नहीं रही।"
"2014 से था शक, अब हमारे पास प्रमाण हैं"
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि उन्हें चुनाव प्रणाली पर संदेह 2014 से ही था, जो समय के साथ और गहराता गया, खासकर गुजरात चुनाव के दौरान। उन्होंने कहा कि राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात में कांग्रेस को एक भी सीट न मिलना काफी चौंकाने वाला था। "लोग पूछते थे, सबूत कहां हैं? अब हमारे पास जवाब है," उन्होंने कहा।


महाराष्ट्र में मिला निर्णायक सुराग
राहुल गांधी ने दावा किया कि महाराष्ट्र में उन्हें सबसे ठोस संकेत मिले। उन्होंने कहा, "हमने लोकसभा में जीत दर्ज की, लेकिन कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव में हार गए। जब इसकी जांच की, तो पता चला कि करीब 1 करोड़ नए वोटर जुड़े थे जिनमें ज्यादातर ने बीजेपी को वोट दिया।"
उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें इन दस्तावेजों को जुटाने में छह महीने का समय लगा, और यह चौंकाने वाला था कि चुनाव आयोग की वेबसाइट से मतदाता सूची को स्कैन या कॉपी नहीं किया जा सकता। राहुल गांधी ने पूछा, "चुनाव आयोग मतदाता सूची को कॉपी से सुरक्षित क्यों करता है?" राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस अब इन तथ्यों के साथ आगे बढ़ेगी और इस मुद्दे को कानूनी और राजनीतिक दोनों मोर्चों पर उठाएगी। उन्होंने दोहराया कि अब उनके पास सबूत हैं और देश के सामने सच्चाई लाना उनकी जिम्मेदारी है।

Tags - Nationa। News Nationa। News Update Nationa। News।ive Country News Breaking News।atest