logo

महाराष्ट्र : रायगढ़ में मिली हथियार लदी नाव किसकी है, डिप्टी सीएम देवेंद्र फड़णवीस ने बताया! 

a1517.jpg

मुंबई: 

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिला स्थित हरिहरेश्वर बीच से हथियार लदी नाव मिलने की घटना पर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस का बयान सामने आया है। डिप्टी सीएम देवेंद्र फड़णवीस ने बताया कि नाव एक ऑस्ट्रेलियाई नागरिक की है। नाव का इंजन बीच समुद्र में खराब हो गया था। एक कोरियाई नाव ने ऑस्ट्रेलियाई नागरिक को रेस्क्यू किया। वहीं नाव हाई टाइड की वजह से कोंकण तट पर आ गया।

नाव से एके-47 राइफल मिली हैं। देवेंद्र फड़णवीस ने कहा कि आने वाले समय में कई त्योहार है। पुलिस और प्रशासन को पर्याप्त तैयारी का निर्देश दिया गया है। 

फिलहाल आतंकी एंगल की पुष्टि नहीं
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अभी तक किसी भी आतंकी एंगल की पुष्टि नहीं हुई है। नाव अभी-अभी मिली है। हालांकि, देवेंद्र फड़णवीस ने कहा कि हम किसी भी संभावना से इंकार नहीं कर रहे हैं। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच हो रही है। पुलिस को हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है।

2008 मुंबई आतंकी हमले की यादें ताजा
महाराष्ट्र में बुधवार को कुछ ऐसा हुआ जिसने 2008 में हुई मुंबई में हुए आतंकी हमले की भयावह यादें ताजा कर दी। दरअसल, समुद्र में 1 अज्ञात नाव और लाइफबोट मिलने की खबर है। इनमें हथियार भी रखा था। प्राप्त जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र के हरिहरेश्वर बीच पर 1 अज्ञात नाव मिली वहीं रायगढ़ जिले के भादरखोल में 1 लाइफबोट मिली। यहां से 3 एके-47 राइफल मिली हैं। कारतूस से भरा बक्सा भी मिलने की खबर है। बता दें कि मुंबई हमले के जिम्मेदार आतंकी भी समुद्री रास्ते से ही भारत में दाखिल हुए थे। फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां छानबीन में जुटी है। जांच के बाद ही पुख्ता तौर पर कुछ कहा जा सकेगा। 

 

रायगढ़ रवाना हुई एटीएस की टीम
स्थानीय पुलिस ने बताया कि हरिहरेश्वर बीच पर एक अज्ञात नाव और रायगढ़ जिले के भारदखोल में लाइफबोट मिली। दोनों पर ही कोई मौजूद नहीं था। भारतीय तटरक्षक बल और महाराष्ट्र मैरीटाइम बोर्ड को इसकी सूचना दी गई। फिलहाल, हथियार भरी नाव और लाइफबोट मिलने के बाद रायगढ़ जिले और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस छानबीन में जुटी है। 

मामले की जांच महाराष्ट्र एटीएस को सौंप दी गई है। महाराष्ट्र एटीएस की एक टीम रायगढ़ के लिए रवाना हो गई जहां हरिहरेश्वर बीच पर हथियारों के साथ एक संदिग्ध नाव मिली थी। 

 

स्थानीय विधायक ने की जांच की मांग
वहीं, श्रीवर्धन (रायगढ़) की विधायक अदिति तटकरे का कहना है कि आरंभिक जानकारी के मुताबिक रायगढ़ के श्रीवर्धन स्थित हरिहरेश्वर और भारदखोल में एक नाव मिली है जिसमें हथियार और दस्तावेज भी थे। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है। मैंने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से मांग कीहै कि एटीएस या स्टेट एजेंसी की स्पेशल टीम से जांच करवायें।