logo

अवैध ढंग से भारत में घुसी 30 साल की बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार

अवैध ढंग से भारत में घुसी 30 साल की बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार

द फॉलोअप डेस्क:

पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन से संदिग्ध बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया गया है। पकड़ी गई महिला की पहचान 30 वर्षीय ओडोरा अख्तर के रूप में हुई है, जो बांग्लादेश के मुशीगंज जिले की रहने वाली है। आरंभिक रिपोर्ट के मुताबिक महिला, सिलहट-मेघालय के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुई थी। मिली जानकारी के मुताबिक बांग्लादेशी महिला, गुवाहाटी के कामाख्या स्टेशन से चेरलापल्ली एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार होकर हैदराबाद जाने की तैयारी में थी।

सिलीगुड़ी GRP की रही अहम भूमिका
 हालांकि, जीआरपी को इस महिला के बारे में सूचना मिली थी। जैसे ही ट्रेन न्यू-जलपाईगुड़ी स्टेशन पर पहुंची, सिलीगुड़ी जीआरपी की एसओजी और एनजीपी की जीआरपी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए महिला को हिरासत में लिया। महिला से फिलहाल पूछताछ जारी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला किस मकसद से भारत में अवैध ढंग से आई। वह हैदराबाद क्यों जा रही थी। 

महिला के भारत आने का मकसद क्या है!
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ओडोरा अख्तर नाम की महिला अकेले भारत में आई या उसके साथ और भी लोग थे। सवाल यह भी है कि भारत में महिला का मददगार कौन है। वह भारत में किन जगहों पर रुकी और हैदराबाद क्यों जा रही थी। गौरतलब है कि भारत में बांग्लादेशी घुसपैठ का मुद्दा काफी चर्चा में रहता है। भाजपा विभिन्न राज्यों में यह वादा करती है कि उसकी सरकार बनी तो बांग्लादेशी घुसपैठियों को ढूंढ़कर डिपोर्ट किया जायेगा। 

Tags - Bangladeshi WomenBangladeshi InfiltrationNGP Railway StationGRPNational Security