logo

करूर में एक्टर विजय की रैली में भगदड़, 39 लोगों की मौत; आयोग से जांच के आदेश

कोीही.jpg

द फॉलोअप डेस्क
तमिलनाडु के करूर जिले में अभिनेता विजय की एक राजनीतिक रैली के दौरान शनिवार शाम को मची भगदड़ में कम से कम 39 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 16 महिलाएं और 10 बच्चे शामिल हैं। मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने देर रात एक उच्चस्तरीय बैठक के बाद इस दुखद घटना की पुष्टि की। 51 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं और ICU में भर्ती हैं, जिससे मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। तमिलनाडु पुलिस के अनुसार, रैली के लिए प्रशासन से 10,000 लोगों की अनुमति ली गई थी, लेकिन आयोजन स्थल पर लगभग 60,000 से अधिक लोग इकट्ठा हो गए। यह स्थान लगभग 1.2 लाख स्क्वायर फीट में फैला हुआ था। बताया गया कि अभिनेता विजय निर्धारित समय से छह घंटे की देरी से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, जिससे पहले से ही जमा भीड़ में और बेचैनी फैल गई। शाम करीब 7:45 बजे, जब विजय मंच पर पहुंचे, तभी एक 9 साल की बच्ची के लापता होने की घोषणा की गई। विजय ने मंच से बच्ची को ढूंढने की अपील की। इसी दौरान भीड़ अचानक स्टेज की ओर बढ़ने लगी, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई। धक्का-मुक्की, गर्मी और ऑक्सीजन की कमी के चलते कई लोग बेहोश हो गए। कुछ बच्चे और महिलाएं भीड़ में दब गए और हादसे का शिकार हो गए।


अव्यवस्था और लापरवाही के आरोप
घटना के समय भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिसबल या वॉलंटियर्स मौजूद नहीं थे। प्रशासन को 30,000 लोगों की भीड़ का अनुमान था, लेकिन सुरक्षा और चिकित्सा सुविधाएं इससे कहीं कम साबित हुईं। मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन शनिवार देर रात ही करूर पहुंचे और घायलों से अस्पताल में मुलाकात की। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि दी और घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए। जांच का जिम्मा सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अरुणा जगदीसन को सौंपा गया है। सरकार ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए, और घायलों को 1-1 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है।


विजय पर सवाल
घटना के बाद अभिनेता विजय घायलों से बिना मिले ही चार्टर्ड फ्लाइट से सीधे चेन्नई रवाना हो गए। इसको लेकर सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना भी हो रही है। हालांकि विजय ने X (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट कर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा: “मेरा दिल टूट गया है। मैं बहुत दर्द और दुःख महसूस कर रहा हूं। करूर में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं और मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।” इस घटना के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने तमिलनाडु सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। अब सभी की नजरें न्यायिक जांच के निष्कर्ष और प्रशासनिक जिम्मेदारी तय किए जाने पर टिकी हैं।