द फॉलोअप टीम, डेस्कः
यमुनोत्री राजमार्ग पर निर्माणाधीन सिलक्यारा सुरंग में भूस्खलन के बाद 4 दिन से फंसे सभी 40 श्रमिक सुरक्षित हैं। इन श्रमिकों को रोशनी का इंतजार है। मजदूर ये उम्मीद लगाए बैठे हैं कि जल्द ही उनको बाहर निकाल लिया जाएगा। ये श्रमिक पिछले 100 घंटे से टनल में कैद हैं। उन्हें निकालने की हर कोशिश की जा रही है। टनल में रेस्क्यू कार्य में लगी ऑगर मशीन के ड्रिल करने वाले पार्ट में ख़राबी आ गई है। इसलिए अच्छी क्वालिटी का दूसरा अमेरिकी ऑगर मशीन को दिल्ली से मंगाया गया है। गुरुवार सुबह नए सिरे से अमेरिकन ऑगर्स मशीन को इंस्टाल कर रेस्क्यू शुरू किया गया है। हैवी ऑगर मशीन को सेना के हरक्यूलिस विमान से दिल्ली से उत्तराखंड लाया गया है। NHIDCL के डायरेक्टर अंशू मनीष खलखो ने बताया, 25 टन की हैवी ऑगर मशीन प्रति घंटे पांच से छह मीटर तक ड्रिल करती है। अगर, ये काम करती है तो अगले 10 से 15 घंटे में इन्हें रेस्क्यू किया जा सकता है। हालांकि, यह अंदर की परिस्थितियों पर भी डिपेंड करेगा।

इस बार मशीन खराब होने की गुंजाइश नहीं
नवयुगा इंजीनियरिंग कंपनी लिमिटेड के जनसंपर्क अधिकारी गिरधारीलाल नाथ ने बताया, "अमेरिकी ऑगर मशीन अव्वल दर्जे की मशीन है, जिसे रेस्क्यू कार्य के लिए मंगवाया गया है। इस मशीन को टनल में लगभग पूरी तरह से इन्स्टॉल किया जा चुका है। मशीन के इन्स्टॉल करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद उम्मीद की जा सकती है कि हम अपने फँसे हुए लोगों को बाहर निकालने में कामयाब होंगे।" उन्होंने यह भी बताया कि इस अमेरिकी ऑगर मशीन के फेल होने की कोई गुंजाइश नहीं है।

वायुसेना के विमान से लाया गया
बता दें कि टनल में फँसे मज़दूरों के रेस्क्यू के लिए मँगाई गई अमेरिकी 'ऑगर मशीन' को वायुसेना के विमान से उत्तरकाशी लाया गया। उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी से टनल तक इस मशीन के हिस्सों को सड़क मार्ग से ट्रक द्वारा पहुँचाया गया था।

थाईलैंड से ली जा रही मदद
टनल में फंसे मजदूरों को निकालने के लिए थाईलैंड के एक्सपर्ट की मदद ली जा रही है। इसको लेकर खलखो ने बताया, 2018 में थाईलैंड में एक जूनियर एसोसिएशन फुटबॉल टीम के 12 मेंबर्स और उनके कोच प्रैक्टिस सेशन के बाद थाईलैंड की गुफा लुआंग नांग नॉन घूमने गए थे। तभी अचानक तेज बारिश होने लगी और गुफा में बाढ़ आने से बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया था। करीब 18 दिनों तक ये फुटबॉल टीम गुफा के अंदर फंसी रही थी। थाईलैंड के एक्सपर्ट ने उनको सफलतापूर्वक बचा लिया था। ऐसे में टीम उत्तरकाशी घटना में उनसे सलाह ले रही है। हालांकि, खलखो ने कहा- थाईलैंड के एक्सपर्ट भारत नहीं आएंगे। वे ऑनलाइन मदद कर रहे हैं।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N