द फॉलोअप डेस्क
हैदराबाद के रामंथपुर इलाके में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित शोभायात्रा के दौरान एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। इस जुलूस में शामिल एक रथ ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दर्दनाक घटना रविवार देर रात लगभग 1:30 बजे गोपाल नगर क्षेत्र में हुई, जो उप्पल पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

जश्न के बीच छाया मातम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रथ पर भगवान श्रीकृष्ण की मूर्तियां स्थापित थीं और श्रद्धालु भजन-कीर्तन में लीन थे, तभी रथ अचानक ऊपर से गुज़र रहे बिजली के तार से टकरा गया। कुछ ही पलों में तार टूटकर रथ पर गिरा, जिससे बिजली का करंट पूरे वाहन में फैल गया। हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
उप्पल थाने के निरीक्षक ने जानकारी दी, "शोभायात्रा के दौरान हाई वोल्टेज करंट लगने से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और चार घायल हैं, जिनका इलाज जारी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।"

बीआरएस नेता केटी रामाराव ने जताया शोक
घटना की जानकारी मिलने पर भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव ने गहरा दुख प्रकट किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "रामंथपुर के गोखले नगर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी समारोह के दौरान हुई इस दर्दनाक दुर्घटना से स्तब्ध हूं। इस हादसे में कृष्ण यादव, श्रीकांत रेड्डी, सुरेश यादव, रुद्र विकास और राजेंद्र रेड्डी की असमय मृत्यु अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।"
