logo

बड़ी खबर : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमले की कोशिश, जनसुनवाई के दौरान घटी घटना 

REKHA.jpg

द फॉलोअप डेस्क
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सुरक्षा में गंभीर चूक सामने आई है। बुधवार सुबह जनसुनवाई के दौरान एक 35 वर्षीय व्यक्ति ने उन पर हमला करने की कोशिश की। घटना मुख्यमंत्री आवास पर हुई, जहां सीएम आम लोगों की शिकायतें सुन रही थीं। जानकारी के अनुसार, आरोपी व्यक्ति कुछ दस्तावेजों के साथ जनसुनवाई में पहुंचा था। शुरुआत में वह सामान्य प्रतीत हो रहा था, लेकिन जब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता लोगों से बातचीत कर रही थीं, तभी उसने अचानक उनके पास आकर हमला करने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि उस व्यक्ति ने मुख्यमंत्री को थप्पड़ मारने का प्रयास किया, लेकिन वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे रोक लिया और काबू में ले लिया।


हमले की यह कोशिश मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े करती है। घटना के बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। आरोपी व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसने हमला क्यों किया।


पुलिस का कहना है कि आरोपी के इरादों और मानसिक स्थिति की जांच की जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा एजेंसियां सभी पहलुओं पर बारीकी से नजर रख रही हैं। इस घटना के बाद मुख्यमंत्री आवास और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त कर दिया गया है। हालांकि, राहत की बात यह है कि मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और जनसुनवाई कार्यक्रम को थोड़ी देर के लिए रोककर बाद में दोबारा शुरू किया गया।