द फॉलोअप डेस्क
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में सावन के सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। अवसानेश्वर मंदिर में जलाभिषेक के दौरान अचानक बिजली का तार टूटकर गिर पड़ा, जिससे टीन शेड में करंट फैल गया और अफरा-तफरी मच गई। करंट लगने से मंदिर परिसर में भगदड़ मच गई, जिसमें दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, लोनीकटरा थाना क्षेत्र के मुबारकपुरा गांव निवासी 22 वर्षीय प्रशांत और एक 30 वर्षीय श्रद्धालु की इलाज के दौरान त्रिवेदीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मौत हो गई।

सीएचसी में कुल 10 घायलों को भर्ती कराया गया, जिनमें से 5 की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर किया गया। वहीं, हैदरगढ़ सीएचसी में 26 घायलों को भर्ती कराया गया, जिनमें से एक को गंभीर स्थिति में अन्य अस्पताल भेजा गया है।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि हादसे की वजह बंदरों द्वारा बिजली का तार तोड़ना बताया गया है, जिससे शेड में करंट फैल गया और भगदड़ मच गई। उन्होंने बताया कि घायलों का इलाज सीएचसी और जिला अस्पताल में जारी है और स्थिति अब नियंत्रण में है। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और कुछ समय बाद श्रद्धालुओं ने दोबारा पूजा-अर्चना शुरू कर दी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
