द फॉलोअप डेस्क
नई दिल्ली के विजय चौक पर बीटिंग द रिट्रीट समारोह में रविवार को भारत का सबसे बड़ा ड्रोन शो दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रहा है। वहीं भारतीय शास्त्रीय रागों पर आधारित धुनें समारोह का आकर्षण बना हुआ है। राष्ट्रपति और सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर द्रौपदी मुर्मु इस समारोह में शामिल हैं। सेना, नौसेना, वायु सेना और राज्य पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के संगीत बैंड 29 मनोरम और पैर थिरकने वाली भारतीय धुनें बजा रहे हैं। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हैं। बीटिंग द रिट्रीट सेरमनी के साथ गणतंत्र दिवस कार्यक्रमों का समापन है। इस मौके पर देश के इतिहास का सबसे बड़ा ड्रोन शो बताया जा रहा है। इस शो में 3,500 घरेलू ड्रोन शामिल हैं।

क्या है बीटिंग द रिट्रीट जानें
बीटिंग द रिट्रीट सेना की बैरक वापसी का प्रतीक है। इस समारोह में भारत के राष्ट्रपति मुख्य अतिथि होते हैं। राष्ट्रपति के आते ही उन्हें नेशनल सैल्यूट देकर राष्ट्रगान जन-गण-मन शुरू होता है, तिरंगा फहराया जाता है। इसके बाद तीनों सेनाओं के बैंड मिलकर पारंपरिक धुन के साथ मार्च करते हैं। तीनों सेना के बैंड वादन के बाद रिट्रीट का बिगुल बजता है। इसके बाद बैंड मास्टर राष्ट्रपति के पास जाते हैं और बैंड वापस ले जाने की इजाजत मांगते हैं।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT