logo

पश्चिम बंगाल में मतदान से पहले खूनी खेल, तृणमूल कांग्रेस नेता की हत्या

पश्चिम बंगाल में मतदान से पहले खूनी खेल, तृणमूल कांग्रेस नेता की हत्या

द फॉलोअप डेस्कः 
पश्चिम बंगाल में मतदान के दौरान या मतदान से पहले हिंसा होने का इतिहास रहा है। यहां वोटिंग से एक रात पहले यानी शुक्रवार रात बड़ी घटना घटी है। पूर्वी मिदनापुर जिले के महिषादल में तृणमूल कांग्रेस नेता की हत्या कर दी गई। आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनकी हत्या की है। मृतक नेता की पहचान शेख मैबुल के रूप में की गई है। वह ग्राम पंचायत के पूर्व सदस्य थे।


शुक्रवार रात की है घटना 
तृणमूल कांग्रेस का कहना है कि मैबुल शुक्रवार रात करीब 11 बजे पार्टी कार्यकर्ता को छोड़ने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। तभी उन पर हमला किया गया। जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने धारदार हथियार से उन पर कई बार वार किए. उनकी मौत हो जाने के बाद आरोपियों ने उनकी बॉडी तालाब में फेंक दी। जब कुछ लोगों को इसका पता चला तो उन्होंने बॉडी बाहर निकाली और उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मैबुल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। 


22 मई को भी हुई थी दोनों दलों के कर्यकर्ताओं के बीच झड़प
इससे पहले 22 मई की रात पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई थी। इसमें बीजेपी की एक महिला कार्यकर्ता की मौत हो गई थी, जबकि इसमें बीजेपी के सात कार्यकर्ता घायल हुए थे। इसके अलावा 20 मई को भी पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में बीजेपी उम्मीदवार अर्जुन सिंह और टीएमसी कार्यकर्ता के बीच झड़प की खबर सामने आई थी। बता दें कि पश्चिम बंगाल की आठ लोकसभा सीटों पर शनिवार को मतदान जारी है। 

Tags - Trinamool Congress Trinamool Congress leader murdered Trinamool Congress Bengal elections in Bengal