द फॉलोअप डेस्कः
लोकसभा चुनाव की सरगर्मी तेज है। एक तरफ जहां चुनाव प्रचार का समय है वहीं कांग्रेस को लगातार झटका लग रहा है। बॉक्सर विजेंद्र सिंह बीजेपी में शामिल हो गये हैं। बॉक्सर विजेंद्र सिंह ने दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी ज्वॉइन कर ली है। विजेंद्र सिंह ने बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े की मौजूदगी में पार्टी ज्वॉइन कर ली। गौरतलब है कि विजेंद्र सिंह ने 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। उनको हार मिली थी। इस लोकसभा चुनाव में उनके हेमा मालिनी के खिलाफ, मथुरा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा थी लेकिन, उन्होंने बीजेपी ज्वॉइन कर ली। बता दें कि विजेंद्र सिंह ने 2008 के बीजिंग ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था। बाद में उन्होंने पेशेवर मुक्केबाजी में उतरने का फैसला किया था।

भाजपा ज्वाइन करते ही क्या कहा विजेंद्र ने
बॉक्सर विजेंद्र सिंह ने कहा कि राम राम सभी को। पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा, तावड़े जी के नेतृत्व में बीजेपी में शामिल हो रहा हूं। मेरी घर वापसी हो रही है। 2019 में मैं चुनाव लड़ा था। उस बात को 5 साल होने वाले हैं। काफी अच्छा लग रहा है। सरकार ने देश विदेश में खिलाड़ियों का मान बढ़ाया है। विदेशों में फाइट करने जाते थे तो परेशानी होती थी लेकिन मोदी सरकार आने के बाद विदेश दौरा सरल हो गया। इस सरकार में मान सम्मान मिला है। सभी खिलाड़ी इसके लिए सरकार के आभारी हूं। मैं बीजेपी के साथ लोगों का ज्यादा भला कर सकूं। मैं गलत को गलत कहूंगा। सही को सही कहूंगा।