अहमदाबाद:
मुंबई से गुजरात के गांधी नगर की तरफ जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat Express) ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। गुरुवार को अहमदाबाद (Ahmedabad) के पहले बटवा और मणिनगर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन से भैंस की झुंड टकरा गई (Buffalo herd collides with Vande Bharat Express train) थी। ताजा जानकारी के अनुसार भैसों के मालिक पर रेलवे सुरक्षा बल ने FIR दर्ज की है। बता दें कि इस हादसे में ट्रेन में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे मणिनगर स्टेशन (Maninagar Station) के पास ट्रेन से भैंसों का झुंड टकरा गया था। हादसे के चलते दो भैसों की मौत (two buffalo died due to accident) हो गई थी।

दो भैसों की मौत
बता दें कि 30 सितंबर को ही प्रधानमंत्री ने गुजरात के गांधी नगर से मुंबई के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस को रवाना किया था। भैंस से टकराने के बाद ट्रेन के आगे का हिस्सा थोड़ा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि ट्रेन में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। पश्चिम रेलवे सीनियर पीआरओ जेके जयंति ने बताया कि मुंबई सेंट्रल से गुजरात के गांधीनगर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह करीब 11.15 बजे भैंसों के झुंड से टकरा गई थी। यह हादसा बटवा स्टेशन से मणिनगर स्टेशन के बीच हुआ है। हादसे से इंजन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं हादसे में दो भैसों की मौत हो गई थी।

क्या है ट्रेन की खासियत
वंदे भारत एक्सप्रेस एक सेमी-हाई स्पीड ट्रेन है और यह अपने पुराने रूप से भी बेहतर है। नई वंदे भारत ट्रेनों में यात्रा को सुरक्षित और अधिक आरामदायक बनाने के लिए कई बदलाव किए गए हैं। इसमें रिक्लाइनिंग सीट लगाई गई है। इसमें ऑटोमेटिक फायर सेंसर की व्यवस्था की गई है। साथ ही CCTV कैमरे भी लगाए गए हैं। इसमें वाईफाई सुविधा के साथ ऑन-डिमांड कंटेंट की व्यवस्था है। इस अपग्रेडेड ट्रेन में तीन घंटे का बैटरी बैकअप है। पहले यह बैकअप एक घंटे का था।