logo

छत्तीसगढ़ में मजदूरों से भरी बस खदान में गिरी, 12 लोगों की मौत; कंपनी ने किया मुआवजे का ऐलान

durg.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
छत्तीसगढ़ के दुर्ग में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। दुर्ग जिले के कुम्हारी में एक बस 50 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस घटना में अब तक 12 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में दो महिलाएं शामिल हैं, मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है। वहीं 15 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। बता दें कि मंगलवार रात ड्यूटी से लौटते समय कर्मचारियों से भरी बस खाई में गिर गई। बस में केडिया डिस्टलरी फैक्ट्री के करीब 40 कर्मचारी सवार थे। इस घटना की जानकारी लगते ही रेस्क्यू टीम तुरतं मौके पर पहुंची और राहत और बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया। देर रात तक बचाव अभियान चलता रहा। केडिया डिस्टलरी ने मृतकों के आश्रितों को 10-10 लाख रुपये और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का एलान किया है। साथ ही ये भी कहा है कि घायलों के इलाज का पूरा खर्चा कंपनी उठाएगी। 


मुरूम खदान में गिरी बस 
दुर्ग के एसपी जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि दुर्घटना रात करीब साढ़े आठ बजे कुम्हारी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत खपरी गांव के पास हुई, जब एक डिस्टिलरी कंपनी के कर्मचारी काम के बाद घर लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 40 कर्मचारियों को लेकर बस सड़क से फिसलकर 50 फीट गहरी 'मुरुम' खदान में गिर गई। उन्होंने कहा, शुरुआत में दुर्घटना में 11 लोगों की मौत की सूचना मिली थी। बाद में अस्पताल में चार और लोगों की मौत हो गई। मुरुम, एक प्रकार की मिट्टी है, जिसका उपयोग अधिकतर निर्माण कार्यों के लिए किया जाता है। शहर के पुलिस अधीक्षक (छावनी क्षेत्र) हरीश पाटिल ने कहा कि अलर्ट मिलने के तुरंत बाद, एक पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।


सीएम ने जताया शोक 
अधिकारी ने बताया कि घायल लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल के दृश्यों से पता चलता है कि बस नीचे गिरने के बाद पलट गई और फंसे हुए यात्रियों को निकालने के लिए बचाव अभियान चल रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया और कहा कि घायल लोगों के इलाज के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है। साई ने कहा, एक बस दुर्घटना में एक निजी कंपनी के कर्मचारियों की मौत की खबर मिली। मैं प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और भगवान शोक संतप्त परिवार के सदस्यों को शक्ति दें। 


राष्ट्रपति ने शोक व्यक्त किया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा, छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से अनेक लोगों के हताहत होने का समाचार बहुत दुखद है। सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहन संवेदनाएं! मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूँ। 
प्रधानमंत्री ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, दुर्ग जिले में हुए बस हादसे में जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रशासन हरसंभव मदद उपलब्ध करा रहा है। 

Tags - Chhattisgarh News Chhattisgarh Update Chhattisgarh Latest News