द फॉलोअप डेस्क
CBI ने अनिल अंबानी के मुंबई स्थित आवास पर मारा छापा, 17,000 करोड़ की बैंक धोखाधड़ी मामले में जांच तेज
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने शनिवार सुबह उद्योगपति अनिल अंबानी के मुंबई के कफ परेड इलाके में स्थित उनके आवास 'सीविंड' पर छापा मारा। यह कदम 17,000 करोड़ रुपये की कथित बैंक धोखाधड़ी की जांच के तहत उठाया गया है। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे CBI के सात से आठ अधिकारी अंबानी के घर पहुंचे और परिसर की तलाशी शुरू की। छापेमारी के समय अनिल अंबानी और उनका परिवार घर पर ही मौजूद थे। बता दें कि इस मामले में ईडी भी जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई CBI की उस विस्तारित जांच का हिस्सा है, जिसमें एजेंसी ने रिलायंस एडीए ग्रुप से जुड़ी कंपनियों को भी जांच के दायरे में शामिल किया है।
इससे पहले 4 अगस्त को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी अनिल अंबानी से पूछताछ की थी। ED ने उन्हें पूछताछ के लिए समन भेजने के साथ-साथ उनके नजदीकी सहयोगियों — अमिताभ झुनझुनवाला और सतीश सेठ — को भी धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत तलब किया था। ये दोनों अंबानी के कारोबारी फैसलों में अहम भूमिका निभाते रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक कुल छह समन जारी किए जा चुके हैं और ED की निगरानी में शामिल ये अधिकारी पहले भी कई परिसरों पर हुई छापेमारी की जांच का हिस्सा रहे हैं।
.jpeg)