द फॉलोअप डेस्कः
भारत का अंतरिक्ष समुदाय उम्मीदों से भरा हुआ है। महत्वाकांक्षी चंद्रयान -3 मिशन पर पूरी दुनिया की नजर है। चंद्रयान -3 आज चंद्रमा की सतह पर लैंडिंग के लिए तैयार है। आज चंद्रयान-3 के चांद पर लैंड करते ही भारत इसके दक्षिणी ध्रुव तक पहुंचने वाला पहला देश बन जायेगा। चंद्रयान-3 का लैंडर मॉड्यूल मानवीय सरलता और दृढ़ संकल्प का प्रमाण है। एलएम, जिसमें लैंडर विक्रम और रोवर प्रज्ञान शामिल चंद्र क्षेत्र पर अपनी लैंडिंग के साथ इतिहास बनाने के लिए तैयार है। जिसके बाद दुनिया को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र के बारे में अधिक जानकारी मिल सकेगी। इसकी सफलता के लिए दुनिया भर में प्रार्थनाएं हो रही है। विभिन्न सम्प्रदायों के लोग चंद्रयान-3 मिशन को अपना समर्थन देने के लिए एकजुट हैं।

सबसे पहले करेगा ये काम
विक्रम लैंडर का टचडाउन कर भारत इतिहास रच देगा, लेकिन मिशन पूरा करने के लिए रोवर को लगातार 14 दिन काम करना होगा। विक्रम लैंडर से जो प्रज्ञान रोवर अलग होगा यह सबसे पहले चांद पर भारत का निशान छोड़ेगा। चंद्रयान-1 और चंद्रयान -2 के प्रोजेक्ट डायरेक्टर रहे एम अन्नादुरई के मुताबिक चंद्रयान-3 चांद पर राष्ट्रीय चिन्ह अशोक स्तम्भ भी बनाएगा। रोवर में भी भारत का झंडा और इसरो का निशान बना होगा।14 दिन तक ये चांद की सतह पर जहां जहां पर मूवमेंट करेगा वहां भारत की पहुंच का निशान छोड़ता जाएगा। हालांकि यह मूवमेंट कर कितनी दूरी तय करेगा ये फिलहाल तय नहीं है. इसरो चीफ एस सोमनाथ के मुताबिक यह वहां के हालात और परिस्थितियों पर निर्भर करता है कि रोवर चांद पर कितनी दूरी तय करेगा।

6:04 बजे चंद्रयान-3 चांद पर लैंड करेगा
इसरो के अनुमान के मुताबिक, बुधवार को शाम ठीक 6:04 बजे चंद्रयान-3 चांद पर लैंड करेगा। चंद्रयान -3 की लैंडिंग भारत के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी, क्योंकि यह चंद्रमा की सतह पर सॉफ्ट-लेंडिंग की जटिल तकनीक में महारत हासिल करने वाला चौथा देश बन जाएगा। इससे पहले अमेरिका, चीन और रूस यह उपलब्धि हासिल कर चुके है।

5.20 बजे शुरू होगा लावइ प्रसारण
इसरो चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग का लाइव प्रसारण करेगा। यह आज शाम 5.20 बजे शुरू होगा। देश के चंद्रमा मिशन को लेकर काफी उम्मीदें हैं, देश भर के तारामंडल, शैक्षणिक संस्थान और विभिन्न संगठन आज उस बड़े क्षण की तैयारी कर रहे हैं। क्योंकि इसरो का चंद्रयान-3 चंद्रमा की सतह पर उतरने वाला है। स्कूलों और कॉलेजों ने ऐतिहासिक 'टच डाउन' के सीधे प्रसारण की व्यवस्था की है।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N