logo

दिल्ली : CJI यू यू ललित का SC में आखिरी दिन आज, महज 72 दिन का रहा कार्यकाल

uu_lalit3.jpg

दिल्ली:
भारत के सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश उदय उमेश ललित के कार्यकाल का आज आखिरी दिन है। मंगलवार 8 नवंबर को वह सेवानिवृत्त हो जाएंगे। ऐसे में आज उदय उमेश ललित (U U Lalit) कई मुद्दों पर फैसला सुनाएंगे। देश के अगले मुख्य न्यायाधीश 8 नवंबर को ही दूसरे वरिष्ठतम जज जस्टिस डॉ. डीवाई चंद्रचूड़ (Justice Dr. DY Chandrachud) बनेंगे। जस्टिस उदय उमेश ललित आज छह फैसले सुनाएंगे जिसमें से चार फैसले सामान्य बताए जा रहे है वहीं, दो मुद्दे अहम है। बताया जा रहा है कि अफसरों पर कार्रवाई के लिए भी जस्टिस ललित सोमवार को सुनवाई करेंगे।


72 दिन का कार्यकाल 
जानकारी हो कि जस्टिस ललित का कार्यकाल बहुत ही छोटा रहा। अपने 72 दिन के कार्यकाल में जिस फैसले के लिए जस्टिस ललित सबसे अधिक जाने जाएंगे वह है रजिस्ट्री को दुरुस्त करना, केसों के सूचीबद्ध करने की व्यवस्था में परिवर्तन और कोलेजियम (उच्च न्यायपालिका में जजों के चयन मंडल) की कार्यशैली में पारदर्शिता लाना। बता दें कि जस्टिस ललित ने कोलेजियम के निर्णय को सार्वजनिक किया जो कि अभी तक नहीं किये जा रहे थे। केस को नए सिरे से सूचीबद्ध करने का कुछ मौजूदा जज ने खुली कोर्ट में विरोध भी किया और कहा कि नई प्रणाली से उन्हें नए केसों की सुनवाई का समय नहीं मिल पा रहा है। 

जस्टिस चंद्रचूड़ 50वें CJI
जस्टिस चंद्रचूड़ देश के 50वें CJI होंगे। CJI यूयू ललित ने कानून मंत्री किरन रिजिजू को उनके नाम की सिफारिश की थी। जस्टिस चंद्रचूड़ के पिता यशवंत विष्णु चंद्रचूड़ देश के 16वें CJI थे। उनका कार्यकाल 22 फरवरी, 1978 से 11 जुलाई, 1985 तक, यानी करीब 7 साल तक रहा। पिता के रिटायर होने के 37 साल बाद उसी पद पर बैठेंगे। जस्टिस चंद्रचूड़ पिता के 2 बड़े फैसलों को SC में पलट भी चुके हैं। वह बेबाक फैसलों के लिए चर्चित हैं। जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ का कार्यकाल 9 नवंबर, 2022 से 10 नवंबर, 2024 तक, यानी 2 साल का होगा।