logo

हिमाचल के बिलासपुर में फिर बादल फटा, खेत-खलिहान और दर्जनों वाहन मलबे में दबे

himachal_5r6ty7.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) पिछले कई दिनों से लगातार बादल फटने की घटनाओं से जूझ रहा है। इन घटनाओं ने न सिर्फ जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है बल्कि कई परिवारों के घर उजड़ गए हैं। ताजा मामला बिलासपुर जिले (Bilaspur District) का है, जहां नैना देवी विधानसभा क्षेत्र के गुतराहण गांव में देर रात करीब 3 बजे बादल फटने से तबाही मच गई।
अचानक आए पानी और मलबे ने खेतों, घरों और गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय किसान कश्मीर सिंह ने बताया कि तेज बहाव और कीचड़ ने उसकी पूरी फसल नष्ट कर दी। खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान हुआ है। जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि नुकसान का आंकलन किया जा रहा है और प्रभावित किसानों को रिपोर्ट आने के बाद मुआवजा दिया जाएगा।


इस हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कई गाड़ियां मलबे में बुरी तरह फंसी हुई हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर @JantaNews11 नाम के हैंडल से शेयर किया गया।
बिलासपुर के डिप्टी कमिश्नर राहुल कुमार ने बताया कि इस आपदा में कम से कम चार गाड़ियां मलबे में दब गई हैं। पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट (PWD) की टीम सड़कों से मलबा हटाने और यातायात बहाल करने में लगातार लगी हुई है। वहीं चंबा जिले के भटियात क्षेत्र के मामल और कमलाड़ी गांवों से भी पानी और मलबा घरों में घुसने की खबरें आई हैं। राहत की बात यह है कि किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
राजधानी शिमला (Shimla) में शनिवार को घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में शनिवार और रविवार को भारी बारिश की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया है।

Tags - Nationa। News Nationa। News Update Nationa। News।ive Country