logo

दिल्ली : CM हेमंत सोरेन, ममता बनर्जी और शरद पवार ने नव-निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी

a240.jpg

डेस्क: 


एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल की। उन्होंने यूपीए उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हराया है। द्रौपदी मुर्मू देश की 15वीं राष्ट्रपति होंगी। द्रौपदी मुर्मू देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति होंगी। राष्ट्रपति निर्वाचित होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दौपदी मुर्मू के घऱ पहुंचे और उनको बधाई दी। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी इस दौरान मौजूद रहे। राष्ट्रपति निर्वाचित होते ही द्रौपदी मुर्मू को बधाई देने वालों का तांता लग गया है। 

टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने दी बधाई
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने भी द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर बधाई दी। ममता बनर्जी ने कहा कि मैं माननीय राष्ट्रपति निर्वाचित द्रौपदी मुर्मू को बधाई देना चाहती हूं। ममता बनर्जी ने अपेन ऑफिशियल ट्विटर पर लिखा कि हमारे संविधान के आदर्शों की रक्षा करने तथा हमारे लोकतंत्र के संरक्षक होने के लिए देश ईमानदारी से आपको राज्य के प्रमुख के रूप में देखेगा, वो भी ऐसे वक्त में जबकि राष्ट्र इतने सारे मतभेदों से त्रस्त है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी बधाई दी
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी। उन्होंने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर लिखा कि देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति बनने पर आदरणीय श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। भगवान बिरसा मुंडा और अमर शहीद सिदो-कान्हू की वीर भूमि तथा समस्त झारखण्डवासियों की ओर से आपको जोहार। गौरतलब है कि राजनीतिक रूप से धूर विरोधी होने के बावजूद झारखंड मुक्ति मोर्चा ने चुनाव में द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में वोटिंग की थी। झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन ने उनको समर्थन देने का ऐलान किया था। 

 

शरद पवार ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार ने भी नव-निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी। उन्होंने अपने ऑफिशिलय ट्विटर पर लिखा कि श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को भारत के राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर हार्दिक बधाई। जब आप अपने सम्मानित कार्यालय की जिम्मेदारियों और प्रभार को संभालने के लिए तैयार होते हैं तो आपको मेरी शुभकामनाएं। राष्ट्रपति के रूप में आपके कार्यकाल की सफलता की कामना करता हूँ।

ओडिशा के मुख्यमंत्री ने बताया देश की बेटी
ओडिशा के मुख्यमंत्री और बीजू जनता दल के प्रमुख नवीन पटनायक ने भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी। लिखा कि भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होने पर ओडिशा की बेटी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को हार्दिक बधाई। ये वास्तव में ओडिशा के सभी नागरिकों के लिए गर्व का क्षण है क्योंकि यहां की एक बेटी को देश के सर्वोच्च पद के लिए चुना गया है।