logo

नई संसद भवन की ओर जा रहे पहलवानों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया, जंतर-मंतर से उखाड़े टेंट

032.jpg

द फॉलोअप डेस्क

दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। ये पहलावान रविवार को नई संसद के सामने महिला महापंचायत में शामिल होने जा रहे हैं। दिल्ली पुलिस की ओर से इस महापंचायत की अनुमति नहीं दी गई है। ऐसे में पहलवानों ने बैरिकेड्स लांघे तो पुलिस ने कई रेसलर्स को हिरासत में लिया। इसको लेकर पहलवान बजरंग पूनिया ने कहा- क्या यह लोकतंत्र है। उन्होंने कहा कि हम शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं और हमारे साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है। हमें गोली मार दो। पूनिया ने कहा कि साक्षी मलिक को भी हिरासत में ले लिया गया है। दूसरी ओर साक्षी ने ट्विट कर जानकारी दी कि सभी पहलवानों और बुजुर्गों माताओं को हिरासत में लेने के बाद अब पुलिस जंतर मंतर ने हमारा मोर्चा उखाड़ना शुरू कर दिया है। हमारा सामान उठाया जा रहा है। ये कैसी गुंडागर्दी है ? दरअसल पुलिस ने पहलवानों को हिरासत में लेने के बाद जंतर-मंतर में पहलवानों के द्वारा धरना-प्रदर्शन के लिए लगाया गया टेंट हटा दिया है।

एक स्कूल को बनाया गया अस्थाई जेल
बताते चलें कि महिला महापंचायत में हरियाणा, यूपी और पंजाब समेत कई राज्यों के किसानों को शामिल होना है। इस कारण दिल्ली पुलिस ने सिंघु और टिकरी बॉर्डर पर बैरिकेडिंग कर दी है। इसके अलावा दिल्ली में 2 मेट्रो स्टेशनों के सभी एंट्री और एग्जिट गेट बंद कर दिए गए। वहीं, सिंघु बॉर्डर पर एक स्कूल को फिलहाल अस्थाई जेल बना दिया गया।

खाप और किसान नेता हिरासत में लिए गए
हरियाणा पुलिस ने रविवार सुबह से ही किसानों और महिलाओं की घेराबंदी शुरू कर दी। हिसार, सोनीपत, पानीपत, रोहतक, जींद और अंबाला में खाप प्रतिनिधियों और किसान नेताओं को हिरासत में ले लिया गया है। बताया जा रहा है कि अंबाला में किसानों की पुलिस से झड़प हुई तो रोहतक के सांपला में पुलिस ने महिलाओं को जबरन हिरासत में लिया। वहीं, कई नेताओं को घरों में नजरबंद किया गया है। हरियाणा में सभी टोल प्लाजा पर पुलिस तैनात कर महापंचायत की ओर जाने वालों को हिरासत में लिया जा रहा है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N