logo

दिल्ली में 17 साल की लड़की के साथ दुष्कर्म, खेत में पड़ा मिला शव; 4 आरोपि पुलिस की गिरफ्त में

दिल्ली में 17 साल की लड़की के साथ दुष्कर्म, खेत में पड़ा मिला शव; 4 आरोपि पुलिस की गिरफ्त में

द फॉलोअप डेस्क:

उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के स्वरूप नगर में 17 साल की लड़की की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों में तीन नाबालिग हैं, जिनकी उम्र 16 से 17 साल के बीच है। चौथे आरोपी की पहचान शिवम उर्फ सुदामा के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि लड़की और आरोपी एक-दूसरे को जानते थे। ये मामला 13 सितंबर की सुबह सामने आया, जब पुलिस को स्वरूप नगर में कुशक रोड के पास खेतों में एक शव पड़े होने की खबर मिली। शव की हालत काफी खराब थी, जिसके कारण फॉरेंसिक टीम को शुरुआत में उसकी पहचान और लिंग कन्फर्म करने में भी परेशानी हुई।

50 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान 50 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज खंगालते वक्त पुलिस को एक टेंपो संदिग्ध तरीके से आता-जाता दिखाई दिया। शुरुआत में अंधेरा और कम दृश्यता होने के कारण टेंपो का रजिस्ट्रेशन नंबर साफ नहीं दिख पाया। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने टेंपो को ट्रेस किया। बाद में ये गाड़ी खड्डा कॉलोनी में खड़ा मिला। पुलिस ने टेंपो चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के आधार पर पुलिस अन्य संदिग्धों तक पहुंची और तीन नाबालिगों के साथ शिवम उर्फ सुदामा को भी गिरफ्तार किया।

पुलिस ने चाकू और खून लगे कपड़े बरामद किए

पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगे दो चाकू बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपियों द्वारा घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, लड़की और आरोपी एक-दूसरे को जानते थे। आरोप है कि आरोपियों ने टेंपो के अंदर साथ में शराब पी और इसके बाद लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और साथ हे उसकी हत्या भी कर दी गई। पुलिस ने ये भी बताया कि शव कई दिनों तक खेत में पड़ा रहा। जांच में सामने आया कि आवारा कुत्तों ने शव के कुछ हिस्सों को नुकसान पहुंचाया था और एक हाथ शरीर से अलग खेत में मिला।

परिवार ने लड़की के लापता होने की शिकायत नहीं की थी

पुलिस के मुताबिक, लड़की के परिवार ने उसके लापता होने की शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। परिवार ने पुलिस को बताया कि वो अक्सर घर से चली जाती थी और कुछ दिनों बाद वापस लौट आती थी। मामले में पुलिस अब ये भी जांच कर रही है कि घटना में आरोपियों के अलावा कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट (POCSO) की धारा 6 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
 

यह भी पढ़ें: बिहार के संजय मिश्रा समेत 4 फिल्मी नामों को मिलेगा राष्ट्रीय पुरस्कार, 22 सितंबर को राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित

Tags - Delhi Crime Delhi Murder Case Swaroop Nagar Murder 17 Year Old Girl Murder Delhi Police