logo

धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों से उपराष्ट्रपति पद से दिया इस्तीफ़ा, कार्यकाल को सुकून भरा और शानदार बताया 

dhankad5432.jpg

नई दिल्ली

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोमवार को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेजे गए अपने इस्तीफ़ा पत्र में धनखड़ ने लिखा कि उन्होंने यह निर्णय चिकित्सा सलाह का पालन करने और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के लिए लिया है।
धनखड़ ने अपने पत्र में कहा, “स्वास्थ्य देखभाल को प्राथमिकता देने और चिकित्सा सलाह का पालन करने के लिए मैं संविधान के अनुच्छेद 67(ए) के तहत तत्काल प्रभाव से भारत के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफ़ा देता हूं।”
उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के “अटूट समर्थन” के लिए आभार जताया और उनके साथ अपने कार्यकाल को “सुकून भरा और शानदार” बताया। इसके साथ ही, धनखड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मंत्रिपरिषद का भी धन्यवाद किया और प्रधानमंत्री के सहयोग को “अमूल्य” करार दिया।
अपने कार्यकाल को याद करते हुए उन्होंने लिखा, “माननीय सांसदों से जो स्नेह, विश्वास और सम्मान मिला है, वह हमेशा मेरी स्मृतियों में अंकित रहेगा।” धनखड़ ने यह भी कहा कि उनके लिए भारत की “अद्वितीय आर्थिक प्रगति” और “अभूतपूर्व विकास” को देखना एक सौभाग्य रहा।
पद से हटते हुए उन्होंने भारत के भविष्य पर “अटूट विश्वास” जताया और कहा कि “भारत का वैश्विक उदय असाधारण और अद्भुत है।”

Tags - Dhankhar resigned post Vice President due to health reasons