द फॉलोअप डेस्क
उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा स्थित इस्लामनगर में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब निकाह के दौरान दहेज और मेहर की रकम को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। रविवार को बरेली के बड़ा फरीदपुर से सादिक ठेकेदार की बेटी की बारात खुशबू मैरिज हॉल पहुंची थी। शुरुआती रस्में और स्वागत कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए, लेकिन निकाह के समय माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। लड़की पक्ष का आरोप है कि लड़के वालों ने पहले स्कूटी, फिर अपाचे बाइक और एक लाख रुपये नकद की मांग की थी। वहीं निकाह के समय लड़की पक्ष ने 5.50 लाख रुपये मेहर तय करने की बात कही, जबकि दूल्हा मोहम्मद आरिफ और उसका परिवार 21 हजार रुपये मेहर पर अड़ा रहा। इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।

सदमे में दुल्हन के पिता को आया हार्ट अटैक
विवाद बढ़ने के दौरान दुल्हन के पिता सादिक ठेकेदार मानसिक तनाव में आ गए। परिजनों के अनुसार बहस और तनाव के बीच उन्हें मैरिज हॉल में ही हार्ट अटैक आया। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पिता की मौत की खबर मिलते ही शादी का माहौल शोक और आक्रोश में बदल गया। पिता की मौत के बाद ग्रामीणों और रिश्तेदारों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोप है कि उन्होंने दूल्हे, उसके पिता और भाई सहित कई लोगों को बंधक बना लिया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मैरिज हॉल में मारपीट शुरू हो गई और कुर्सियां तक तोड़ दी गईं। देखते ही देखते कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

जान बचाने के लिए छत से कूदे बाराती
भीड़ के गुस्से से बचने के लिए कई बाराती मैरिज हॉल के बगल वाले मकान की छत पर चढ़ गए और वहां से कूदकर भागने की कोशिश की। इस दौरान पड़ोसी मकान की छत का एक हिस्सा भी टूट गया, जिससे कई लोग घायल हो गए। घायल अवस्था में भी बाराती अपनी जान बचाकर मौके से भागते नजर आए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल विजेंद्र शाह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बंधक बनाए गए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। देर रात तक पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत और पंचायत चलती रही। दूल्हे पक्ष ने दहेज मांगने के आरोपों से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि यदि समझौता नहीं होता है तो प्राप्त शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है।