logo

महाराष्ट्र : एकनाथ शिंदे ने आधिकारिक रूप से संभाला CMO का कार्यभार, देवेंद्र फड़णवीस ने दी बधाई

A301.jpg

डेस्क: 

महाराष्ट्र (Maharashtra) के नए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने गुरुवार को आधिकारिक रूप से मुख्यमंत्री कार्यालय का पदभार संभाल लिया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस (Devendra Fadnavis) भी उपस्थित रहे। बता दें कि एकनाथ शिंदे ने बीते 30 जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। महाराष्ट्र में 21 जून से 29 जून के बीच जारी सियासी खींचतान के बाद 30 जून की शाम को राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री और देवेंद्र फड़णवीस को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई थी। 

बीजेपी के साथ मिलकर बनाई सरकार
गौरतलब है कि शिवसेना के बागी विधायक (Shiv Sena rebel MLA) एकनाथ शिंदे ने भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर सरकार बनाई है। दरअसल,21 जून को एकनाथ शिंदे की अगुवाई में शिवसेना के 55 में से 30 से ज्यादा विधायकों ने बगावत कर दी। उनका कहना था कि महाविकास अघाडी गठबंधन सरकार में शिवसेना बालासाहेब के हिंदुत्व के विचारों से भटक गई है।

शिवसेना के बागी विधायकों ने शर्त रखी कि उद्धव ठाकरे को महाविकास अघाड़ी गठबंधन से बाहर आकर बीजेपी के साथ सरकार बनानी होगी। यही नहीं! विधायकों ने आरोप लगाया कि महाविकास अघाड़ी मे शिवसेना और एनसीपी विधायकों को ज्यादा अहमियत दी जाती है। विधायकों ने चिट्ठी लिखकर कहा था कि वर्षा बंगले में उनकी एंट्री तक नहीं थी। 

बीजेपी ने किया चौंकाने वाला फैसला
इन्हीं आरोप-प्रत्यारोपों के बीच एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फड़णवीस ने 30 मई की दोपहर को राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की। तब तक कयास लगाये जा रहे थे कि देवेंद्र फड़णवीस मुख्यमंत्री होंगे और एकनाथ शिंदे उपमुख्यमंत्री। हालांकि, राज्यपाल से मुलाकात के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में चौंकाने वाला ऐलान करते हुए देवेंद्र फड़णवीस ने कहा कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे होंगे। इस प्रकार महाराष्ट्र में लंबे सियासी खींचतान और ड्रामे का पटाक्षेप हुआ।