डेस्क:
Twitter इन दिनों काफी चर्चा में है। एलन मस्क ट्वीटर अधिग्रहण के बाद से ही बड़े-बड़े बदलाव कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने दुनियाभर में कर्मचारियों की छंटनी भी शुरू कर दी है। बता दें कि ट्वीटर में कुल 7,500 स्टाफ है जिसमें से 3700 को काम से छुट्टी दे दी गई है। इसमें इंजीनियरिंग, सेल्स, मार्केटिंग और कम्युनिकेशन टीम शामिल है। सूत्रों ने कहा कि भारत में मार्केटिंग और कम्युनिकेशन विभाग की पूरी टीम खत्म कर दी है।

मस्क ने ट्वीट कर बताई वजह
जहां एक तरफ ट्विटर में इस तरह कर्मचारियों को निकालने के लिए एलन मस्क की आलोचना हो रही है। वहीं, शुक्रवार देर रात टेस्ला चीफ ने खुद ट्वीट में इसे लेकर सफाई दी। उन्होंने कहा, "जहां तक ट्विटर में कर्मचारियों को कम करने की बात है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। लेकिन हमारे पास कोई विकल्प नहीं था। खासकर तब जब कंपनी हर दिन 40 लाख डॉलर (करीब 32 करोड़ रुपये) गंवा रही हो।"
Regarding Twitter’s reduction in force, unfortunately there is no choice when the company is losing over $4M/day.
— Elon Musk (@elonmusk) November 4, 2022
Everyone exited was offered 3 months of severance, which is 50% more than legally required.
कर्मचारियों को ईमेल कर दी जा रही जानकारी
कंपनी ने अपने कर्मचारियों को सुबह 4 बजे एक मेल भेजा जिसमें लिखा है, “ट्विटर को एक बार फिर से सही रास्त पर लाने के लिए, हम शुक्रवार को अपनी ग्लोबल वर्कफोर्स को कम करने की कठिन प्रक्रिया से गुजरेंगे। हम कर्मचारियों की सुरक्षा के साथ-साथ ट्विटर सिस्टम और यूजर डाटा के लिए सभी ऑफिसेज को अस्थायी रूप से बंद कर देंगे। अगर आप किसी ऑफिस में हैं या ऑफिस जा रहे हैं, तो कृपया घर लौट आएं।” इससे पहले गुरुवार को ईमेल में कंपनी ने कर्मचारियों को अस्थायी रूप से ऑफिस आने के लिए मना किया था। कर्मचारियों से कहा गया था, अगर आप ऑफिस में हैं या ऑफिस के रास्ते में हैं तो घर लौट जाइए।

यूजर्स ने अकाउंट हो रहे डिएक्टिवेट
ट्वीटर के ताजा डाटा के मुताबिक, एलन मस्क के कंपनी की कमान संभालने के बाद से ही इस प्लेटफॉर्म पर एक्टिव यूजर्स की संख्या में बड़ी कमी देखी गई। बॉट सेंटिनेल नाम की एक वेबसाइट के मुताबिक, 27 अक्तूबर को मस्क के टेकओवर के बाद से एक नवंबर तक ट्विटर पर करीब 8.75 लाख यूजर्स ने अपना अकाउंट डिएक्टिवेट कर लिया। इसके अलावा ट्विटर पर करीब पांच लाख अकाउंट सस्पेंड भी हो गए।