द फॉलोअप डेस्क
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच गुरुवार को बड़ी मुठभेड़ हुई। इसमें अब तक दस नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। मारे गए नक्सलियों में एक करोड़ का इनामी कमांडर भी शामिल है।
रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा ने बताया कि सुरक्षाबल नक्सल विरोधी अभियान पर निकले थे। इसी दौरान मैनपुर थाना क्षेत्र के जंगल में छिपे नक्सलियों से मुठभेड़ शुरू हो गई। गोलीबारी रुक-रुक कर जारी है।
जानकारी के अनुसार सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन, एसटीएफ और जिला बल का संयुक्त दल इस अभियान में लगा है। सुबह से ही इलाके में लगातार फायरिंग हो रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि नक्सली कमांडर बालकृष्ण मारा गया है। वह ओडिशा स्टेट कमेटी का बड़ा नक्सली था और उसके ऊपर एक करोड़ रुपये का इनाम था।

बालकृष्ण के बारे में कहा जाता है कि वह हमेशा एके-47 लेकर चलता था। पुलिस को उम्मीद है कि उसकी मौत से नक्सलियों को बड़ा झटका लगेगा। गौरतलब है कि इससे पहले भी गरियाबंद जिले में टॉप नक्सली चलपती मारा गया था, जिस पर एक करोड़ का इनाम घोषित था। फिलहाल भीषण मुठभेड़ जारी है। गरियाबंद एसपी निखिल राखेचा लगातार जवानों के सम्पर्क में हैं और रायपुर से भी हालात की मॉनिटरिंग की जा रही है। बैकअप पार्टी मौके पर भेज दी गई है। कोबरा और एसटीएफ के जवान अभी मोर्चा संभाले हुए हैं। सरकार ने मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य रखा है। इस बार बरसात के मौसम में भी एंटी-नक्सल ऑपरेशन जारी है।
