द फॉलोअप डेस्क
पंजाब में भारी बारिश और बाढ़ से हालात बिगड़ गए हैं। 12 जिलों के करीब ढाई लाख लोग प्रभावित हैं और अब तक 29 लोगों की मौत हो चुकी है। 94 हजार हेक्टेयर से ज्यादा फसल बर्बाद हो गई है, जिसमें सबसे ज्यादा नुकसान मानसा जिले के किसानों को हुआ है।
बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए पंजाब सरकार के मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने अपनी एक साल की आय मुख्यमंत्री राहत कोष में दान कर दी है। उनकी कुल आय 12 लाख रुपये है, जिसे उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को सौंप दिया। रवजोत सिंह ने कहा कि यह समय इंसानियत के नाते एक-दूसरे का साथ देने और राहत कार्यों में योगदान करने का है।
बठिंडा के तलवंडी साबो स्थित तख्त दमदमा साहिब में बाढ़ से राहत और सरबत के भले की अरदास की गई। वहीं, पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह ने सोशल मीडिया पर बाढ़ पीड़ितों के प्रति संवेदना जताई और कहा कि पंजाब की यह तबाही देखना बेहद दर्दनाक है।

फिरोजपुर में बीएसएफ के जवानों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर सतलुज नदी के किनारे बने बांध को मजबूत करने का काम शुरू किया और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि बांध को किसी तरह का नुकसान नहीं होने देंगे।
राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने मंगलवार को फिरोजपुर का दौरा कर जिला प्रशासन के साथ बैठक की और राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों तक समय पर मदद पहुंचाई जाए और समन्वय में कमी न रहे। मौसम विभाग के मुताबिक, सात सितंबर तक हल्की बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। इस सीजन में अब तक पंजाब में 470 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य से करीब 30 प्रतिशत ज्यादा है।
