logo

गूगल मैप के कारण पुलिस को लोगों ने पीटा, गलत गाइडलाइन से असम के बदले नागालैंड पहुंच गये थे

गूगल मैप के कारण पुलिस को लोगों ने पीटा, गलत गाइडलाइन से असम के बदले नागालैंड पहुंच गये थे

द फॉलोअप डेस्कः
असम की पुलिस को गूगल मैप की वजह से अजीबोगरीब स्थिति का सामना करना पड़ा। पुलिस टीम मैप की वजह से भटककर नागालैंड पहुंच गई, जहां स्थानीय लोगों ने उन पर हमला कर दिया। घटना नागालैंड के मोकोकचुंग जिले में मंगलवार रात को हुई है। यहां जोरहाट पुलिस की 16 सदस्यीय टीम अपराधी को पकड़ने के लिए छापामारी करने पहुंची थी। सादे कपड़े में पुलिसकर्मियों को स्थानीय लोगों ने घुसपैठिया समझा और बंधक बना लिया। उनको पीटा भी गया।


क्या है पूरा मामला?
असम की जोरहाट पुलिस एक अपराधी को पकड़ने के लिए निकली थी। पुलिस टीम गूगल मैप के सहारे आगे बढ़ रही थी कि उसे नागालैंड का चाय बागान दिखा। गूगल मैप ने बागान को नागालैंड में न दिखाकर असम में दिखाया, जिसमें पुलिस प्रवेश कर गई। इलाके में जब लोगों ने हथियारबंद लोगों को सादी वर्दी में देखा तो चौंक गए। उन्होंने टीम को घेर लिया और रात भर बंधक बनाए रखा। मारपीट में 1 पुलिसकर्मी घायल भी हुआ है।


नागालैंड की पुलिस ने छुड़ाया
पुलिस टीम पर हमले की जानकारी जब जोरहाट पुलिस को लगी तो उन्होंने मोकोकचुंग जिले के पुलिस अधीक्षक को फोन कर मदद मांगी। पुलिस अधीक्षक ने नागालैंड पुलिस की टीम भेजकर असम पुलिस को मुक्त कराया। इस दौरान 5 लोगों को छोड़ दिया गया, जबकि 11 लोगों को स्थानीय लोगों ने रात भर बंधक बनाए रखा और अगले दिन छोड़ा। पुलिस टीम वापस असम पहुंच चुकी है।