logo

ऊर्जा संकट के बीच केंद्र का बड़ा कदम, पेट्रोल पंप पर मिलेगा अब केरोसिन; कुछ खास स्थानों पर ही सुविधा

hzb_petrol_pump_loot.jpg

नई दिल्ली
ऊर्जा संकट के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए केरोसिन (मिट्टी का तेल) की उपलब्धता बढ़ाने का निर्णय लिया है। देशभर में अब राशन दुकानों के साथ-साथ चुनिंदा पेट्रोल पंपों पर भी केरोसिन मिलेगा, जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
सरकार के निर्देश के अनुसार हर जिले में अधिकतम दो पेट्रोल पंपों को केरोसिन वितरण के लिए चुना जाएगा। ये पंप सीमित मात्रा में केरोसिन स्टोर कर सकेंगे और आम उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराएंगे। इससे वितरण व्यवस्था मजबूत होगी और जरूरतमंदों तक समय पर तेल पहुंच सकेगा।


ऊर्जा संकट से निपटने के लिए फैसला
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण पेट्रोल, डीजल और गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है। इस स्थिति को देखते हुए सरकार ने 60 दिनों के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के नियमों में अस्थायी ढील दी है, ताकि केरोसिन की सप्लाई आसान हो सके और आम लोगों को परेशानी न हो।
केवल घरेलू उपयोग के लिए ही मिलेगा तेल
सरकार ने स्पष्ट किया है कि केरोसिन केवल घरेलू उपयोग जैसे खाना पकाने और रोशनी के लिए ही दिया जाएगा। दुरुपयोग रोकने के लिए सख्त निगरानी रखी जाएगी। साथ ही, वितरण प्रक्रिया को तेज करने के लिए लाइसेंसिंग और सप्लाई से जुड़े कुछ नियमों में अस्थायी छूट भी दी गई है। इस कदम से उम्मीद है कि मौजूदा संकट के दौरान आम लोगों को राहत मिलेगी और घरेलू जरूरतों को पूरा करना आसान होगा।

Tags - Energy Crisis Government Relief Supply