logo

बड़ी खबर : कारों में 6 एयरबैग वाले फैसले पर सरकार का नया ऐलान, अब 1 अक्टूबर 2023 से होगा लागू

nitin1.jpg

डेस्क:
सरकार के 8 सीट तक वाली M1 कैटेगरी की कारों में 6 एयरबैग (6 airbags in cars) के फैसले को लेकर नया अपडेट सामने आया है। सरकार ने ऑटोमोबाइल कंपनियों (automobile companies) को बड़ी राहत दी है। सरकार ने इस फैसले को 1 साल के लिए टाल दिया है। यह फैसला 1 अक्टूबर 2022 से लागू होना था, लेकिन अब 1 अक्टूबर 2023 से लागू होगा। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने ग्लोबल सप्लाई-चेन में आ रही बाधाओं के चलते 6 एयरबैग नियम को एक्सटेंड किया है।

नितिन गडकरी ने किया  ट्विट
नितिन गडकरी ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, "मोटर व्हीकल में सफर करने वाले सभी यात्रियों की सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है, चाहे उनकी कीमत और वैरिएंट कुछ भी हों।" उन्होंने इस ट्वीट के साथ एक अन्य ट्वीट को जोड़ते हुए कहा, "ऑटो इंडस्ट्री को ग्लोबल सप्लाई-चेन में आ रही बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में इसके प्रभाव को देखते हुए पैसेंजर कार (M-1 कैटेगरी) में न्यूनतम 6 एयरबैग लागू करने के प्रस्ताव को 1 अक्टूबर, 2023 से लागू करने का निर्णय लिया गया है।"

साइरस मिस्त्री की मौत के बाद लिया गया था फैसला
बता दें कि टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की रोड एक्सीडेंट में मौत के बाद सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने रियर सीट बेल्ट रिमाइंडर को मैंडेटरी करने पर एक ड्राफ्ट नोटिफिकेशन जारी किया था। इस ड्राफ्ट नोटिफिकेशन पर 5 अक्टूबर तक पब्लिक की राय मांगी गई है। पब्लिक कमेंट के आधार पर ड्राफ्ट में बदलाव किये जाने की बात कही गयी थी।