logo

Facebook, Instagram नहीं चलाता था पति, पत्नी ने बॉयफ्रेंड संग मिलकर किया फिर ये कारनामा

WIFEKILLEDHUSBAND.jpg

द फॉलोअप डेस्क
ग्वालियर से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। पुलिस ने शक के आधार पर महिला को गिरफ्तार किया। सख्ती से पूछने के बाद महिला ने अपना जूर्म कबूल किया। हत्या की वजह भी चौंकाने वाली है। महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति साधारण और अनपढ़ था। पति न तो सोशल मीडिया का इस्तेमाल करता था, न ही फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसी आधुनिक तकनीकों से परिचित था। इसी से निराश होकर महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। 

पहचान छुपाने के लिए चेहरे को कुचला 

मिली जानकारी के अनुसार घटना ग्वालियर के देहात क्षेत्र, उटिला थाना की है। यहां पुलिस को बोगीपुरा गांव के पास रोड किनारे खेत में स्थित कुएं में एक युवक की लाश होने की सूचना मिली थी। शव को देखने से ये साफ था की हत्या योजनाबद्ध तरीके से की गई थी। मृतक की पहचान छुपाने के लिए उसके चेहरे को भी कुचल दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने शव की पहचान के लिए विभिन्न जिलों के सभी थानों में जानकारी भेजी। भिंड जिले के आलमपुर थाना से प्राप्त गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर मृतक की पहचान महावीर शरण कौरव के रूप में की गई। 

महिला का फोन फॉर्मेट किया गया था
इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी को शव की पहचान करने को कहा, जिसके बाद पत्नी ने शव को पहचानने से इनकार कर दिया। इसके बाद से ही पुलिस को पत्नी पर शक होने लगा। पुलिस ने महिला का फोन भी चेक किया। इसमें उन्होंने पाया की महिला का फोन फॉर्मेट किया गया था, जिससे पुलिस का शक और गहरा हो गया। पुलिस ने महिला से सख्ती से पूछताछ की। इसके बाद महिला ने पति की हत्या की बात कबूल की। 

दोनों आरोपी भागकर उत्तर प्रदेश चले गए
महिला ने बताया की उसे आधुनिक विचारों वाला और हाईफाई पति चाहिए था। लेकिन महावीर शरण इसका उल्टा था। इससे महिला निराश हो गयी। कुछ दिन बाद महिला का पति के ममेरा भाई से अफेयर शुरू हुआ। महिला ने अपने प्रेमी के साथ अपने पति को मारने की साजिश रची। पहले तो पति को शराब पिला कर बेहोश कर दिया फिर दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद दोनों आरोपी भागकर उत्तर प्रदेश के अयोध्या चले गए। फिलहाल दोनों पुलिस की हिरासत में हैं। 
 

Tags - ग्वालियर हत्या पत्नी बॉयफ्रेंड Gwalior murder wife boyfriend