द फॉलोअप डेस्क
मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। दोपहर बाद आई तेज आंधी-तूफान के कारण महाकाल लोक में भी बड़ा नुकसान हुआ है। बताते चलें कि महाकाल लोक के अंदर कई देवी-देवताओं की बड़ी-बड़ी मूर्तियां स्थापित हैं। आंधी-तूफान के कारण ये मूर्तियां टूटकर गिर गई हैं। बताया जा रहा है कि महाकाल लोक परिसर में मौजूद 6 से 7 मूर्तियां क्षतिग्रस्त हो गई। सप्तऋषि की कुछ मूर्तियां अपनी जगह से उखड़ कर नीचे आ गिरी। किसी मूर्ति का हाथ टूट गया, तो किसी का धड़ अलग हो गया। कई मूर्तियां क्षतिग्रस्त भी हुई हैं। इसके बाद महाकाल प्रबंधन मूर्तियों को व्यवस्थित करने में जुट गया है। हालांकि, फिलहाल श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।

प्रधानमंत्री ने किया है महाकाल लोक का उद्घाटन
महाकाल लोक का लोकार्पण बीते वर्ष 11 अक्टूबर को ही प्रधानमंत्री मोदी ने किया था। लगभग 850 करोड़ की लागत इस लोक का निर्माण हुआ। अब इस घटना के बाद महाकाल लोक में किए गए गुणवत्ताहीन कार्यों पर सवाल उठ रहे हैं। मालूम हो कि पूर्व में यहां घटिया काम को लेकर लोकायुक्त में जांच चल रही है। ऐसे में मूर्तियां टूटने के बाद उन आरोपों को बल मिला है।
