logo

सनकी आशिक : पढ़-लिखकर परिवार के लिए कुछ करना चाहती थी काजल, लेकिन एकतरफा प्यार में सिरफिरे आशिक ने ली जान

jjoo.jpg

मथुराः
यूपी के मथुरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है। यहां एक सनकी ने दुल्हन की हत्या कर दी। आरोपी मृतका काजल से एकतरफा प्यार करता था। यह घटना तब हुई जब काजल दुल्हन बनी हुई थी। वह दूल्हे को वरमाला पहनाकर कमरे में बैठी थी। तभी सिरफिरा युवक वहां आ धमका। उसने गोली सीधा दुल्हन की आंख में मार दी। मामला नौहझील क्षेत्र के मुबारिकपुर गांव का है। 


पत्थर फेंकना शुरू कर दिया था 
मृतका के पिता का नाम खूबीराम प्रजापति है। घटना गुरुवार की है। बारात नोएडा से आई थी। रात करीब एक बजे वरमाला की रस्म हुई। पिता ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर दो-तीन युवकों ने पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। पत्थर पड़ोस में ही रहने वाले अनीश के एक भाई और दो दोस्तों ने फेंकने शुरू किए थे। परिवार के लोग इन युवकों के पीछे दौड़े तो वहां हड़कंप मच गया। हल्ला सुन दुल्हन के साथ जो लोग कमरे में थे वह बाहर आ गए। तभी अनीश दुल्हन के कमरे में पहुंच गया। वहां उसने काजल को आंख में गोली मार दी। लोग आनन फानन में काजल को अस्पताल लेकर जाने लगे लेकिन काजल ने पिता की गोद में ही दम तोड़ दिया।


काजल अनीश को पसंद नहीं करती थी 
पिता खूबीराम ने बताया कि अनीश काजल को परेशान करता था। वह काजल से एकतरफा प्यार करता था, लेकिन काजल उसे पसंद नहीं करती थी। 4 महीने पहले काजल को पलवल में उसकी बुआ के घर भेज दिया था, जब उसकी शादी तय हुई तो 4 दिन पहले मथुरा बुलाया था। 24 अप्रैल को वह मथुरा लौटी थी। 28 अप्रैल को शादी थी। काजल BSc की पढ़ाई कर रही थी। अनीश ने दूल्हे को धमकी दी थी कि अगर उसने काजल के साथ सात फेरे लिए तो उसे गोली मार देगा। हालांकि, उस समय गांव के लोगों ने उसे वहां से भगा दिया था।

 


आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पिता खूबीराम ने अनीश, कपिल , संजू और पंकूके खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। फिलहाल, अभी चारों आरोपी फरार हैं। काजल पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। पिता नोएडा में रिक्शा चलाकर परिवार का पालन पोषण करते हैं। बड़ी बेटी की हत्या से आहत खूबीराम अब न्याय की मांग कर रहे हैं।