द फॉलोअप डेस्क
उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के लिए INDIA गठबंधन ने बी. सुदर्शन रेड्डी के नाम पर मुहर लगा दी है। वह विपक्ष के तरफ से उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार होंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उनके नाम का ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि विपक्ष ने एकमत होकर सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी के नाम पर सहमति जताई है। 21 अगस्त को वह अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
कौन हैं बी. सुदर्शन रेड्डी?
बी. सुदर्शन रेड्डी का जन्म 8 जुलाई, 1946 को हुआ था। 27 दिसंबर, 1971 को वे हैदराबाद में आंध्र प्रदेश बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत हुए। उन्होंने आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट में रिट और सिविल मामलों में अभ्यास किया। उन्होंने 1988-90 के दौरान हाईकोर्ट में सरकारी वकील के रूप में काम किया। उन्होंने 1990 के दौरान छह महीने की अवधि के लिए केंद्र सरकार के अतिरिक्त स्थायी वकील के रूप में भी काम किया। उन्होंने उस्मानिया विश्वविद्यालय के लिए कानूनी सलाहकार और स्थायी वकील के रूप में काम किया। उन्हें 2 मई, 1995 को आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट का स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किया गया। उन्हें 2005 में गौहाटी हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। 2007 में उन्हें सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश नियुक्त हुए। वे 2011 में सेवानिवृत्त हुए।

NDA ने सीपी राधाकृष्णन को बनाया उम्मीदवार
बता दें कि 17 अगस्त को NDA ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया था. यह घोषणा रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने एक प्रेस वार्ता के दौरान की। राधाकृष्णन इस समय महाराष्ट्र के 24वें राज्यपाल के रूप में कार्यरत हैं, उन्होंने जुलाई 2024 में यह पद संभाला था।
