रांची
डुमरी उपचुनाव में इंडिया गठबंधन की ओऱ से बेबी देवी की जीत हो गयी है। बेबी देवी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी, एनडीए और आजसू की प्रत्याशी यशोदा देवी को 17,100 वोटों से हरा दिया है। इंडिया प्रत्याशी बेबी देवी को इस सीट से 1,35,480 वोट मिले तो वहीं यशोदा देवी को 1,18,380 वोट हासिल हुए। बेबी देवी की इस जीत के कई दूरगामी परिणाम होंगे। इस जीत के कई मायने हैं। क्योंकि इंडिया गठबंधन बनने के बाद झारखंड का यह पहला चुनाव था। जिसमें इंडिया गठबंधन की ओऱ से जेएमएम प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। डुमरी उपचुनाव के परिणाम पर पूरे देश की नजर थी। यह चुनाव कितना अहम था, इसका अंदाज इसी से लगाया जा सकता है कि डुमरी में एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में एनडीए के कई दिग्गज नेता पहुंचे थे। इसमें झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, आदित्य साहू, भाजपा के झारखंड प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी, केंद्रीय मंत्री अन्नपुर्णा देवी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सासंद दीपक जैसे दिग्गज नेताओं के नाम हैं। आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा था कि एनडीए प्रत्याशी सिर्फ डुमरी में कम से कम 20 हजार मतों से आगे रहेंगी। लेकिन इन सब दावों को गलत साबित करते हुए बेबी देवी की जीत एक अलग ही कहानी बयां कर रही है।

क्या कहते हैं राजनीति के जानकार
राजनीति के जानकारों का मानना है इस चुनाव के बाद झाऱखंड़ में इंडिया का प्रभाव और मनोबल दोनों बढ़ेंगे। हालांकि छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में इन पंक्तियों के लिखे जाने तक तीन सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। उत्तराखंड की बागेश्वर विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार पार्वती दास ने कांग्रेस के बसंत कुमार को हरा दिया है। पार्वती दास ने कांग्रेस नेता को 2810 मतों के अंतर से हराया है। वहीं पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में धूपगुड़ी विधानसभा सीट पर टीएमसी की जीत के बाद टीएमसी प्रवक्ता रिजु दत्ता ने कहा कि धूपगुड़ी उपचुनाव परिणाम से पता चलता है कि बंगाल के लोग ममता बनर्जी के साथ हैं। और ममता बनर्जी इंडिया गठबंधन की अहम नेता हैं। वहीं उत्तर प्रदेश की घोसी विधानसभा सीट सपा के खाते में गयी है। औऱ सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी इंडिया गठबंधन में अहम नेता के रूप में उभरे है। बता दें कि सबसे अधिक किसी सीट पर देश की नजर रही तो वह है यूपी की घोसी सीट और झारखंड की डुमरी सीट, जहां INDIA गठबंधन एकजुट रहा है। और इन दोनों सीटों पर ही इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। बहरहाल डुमरी के साथ जिन छह विधानसभा सीटों पर चुनाव हुए हैं वो हैं, उत्तराखंड की बागेश्वर सीट, उत्तर प्रदेश की घोसी, केरल की पुथुपल्ली, पश्चिम बंगाल की धूपगुड़ी और त्रिपुरा की बॉक्सनगर और धनपुर सीट। त्रिपुरा की दोनों सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। दूसरे शब्दो में कहें तो इन उपचुनावों को विपक्षी गठबंधन INDIA के लिए एक महत्वपूर्ण परीक्षा के रूप में देखा जा रहा है, जिसका आगामी राज्य विधानसभा चुनावों और 2024 के लोकसभा चुनावों पर प्रभाव पड़ना तय है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N