दिल्ली:
समुद्री सुरक्षा को बढ़ावा देने की ओर बड़ा कदम उठाया गया है। स्वदेशी उन्नत हल्के हेलिकॉप्टर एमके-III को औपचारिक रूप से नौसेना में शामिल किया गया। अंडमान और निकोबार कमांड के कमांडर-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल अजय सिंह की मौजूदगी में पोर्ट ब्लेयर में इस हेलिकॉप्टर को आईएनएस उत्क्रोश के बेड़े में औपचारिक रूप से शामिल किया गया।

पूरी तरह से स्वदेशी है हेलिकॉप्टर
एएलएच एमके-III हेलिकॉप्टर को हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड ने बनाया है। ये पूरी तरह से स्वदेशी है। सैन्य विमान के निर्माण की दिशा में आत्मनिर्भर भारत का ये उत्तम उदाहरण है। कहा जा रा है कि आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत सैन्य विमान निर्माण के क्षेत्र में इस हेलिकॉप्टर का निर्माण एक बहुत ऊंची छलांग है। समुद्री सुरक्षा में भी इजाफा होगा।

300 से ज्यादा हेलिकॉप्टर्स की डिलीवरी
गौरतलब है कि हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड ने अब तक 300 से ज्यादा हेलिकॉप्टर्स की डिलीवरी की है। सशस्त्र बलों द्वारा इसका इस्तेमाल भी किया जा रहा है। इसके अलग-अलग संस्करणों में से एमके-III संस्करण समुद्री सुरक्षा के लिहाज से काफी अहम है। इसमें अत्याधुनिक सेंसर लगा है। आधुनिक हथियार लगा है। ये समुद्री सुरक्षा के लिहाज से भारत को मजबूत बनाता है।