logo

पंजाब में कर्मभूमि एक्सप्रेस के 4 डिब्बों में लगी आग, बाल-बाल बचे यात्री

पंजाब में कर्मभूमि एक्सप्रेस के 4 डिब्बों में लगी आग, बाल-बाल बचे यात्री

द फॉलोअप डेस्क:

पंजाब (Punjab) के पटियाला (Patiala) में शुक्रवार (6 November) को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। राजपुरा (Rajpura) के पास सराय बंजारा (Sarai Banjara) इलाके में अमृतसर (Amritsar) से न्यू जलपाईगुड़ी (New Jalpaiguri) जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस (Karmabhoomi Express) के चार जनरल कोच (General Coach) में अचानक आग लग गई। ट्रेन में आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री अपना सामान लेकर ट्रेन से बाहर निकलने लगे। हालांकि, राहत की बात यह रही कि समय रहते यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस घटना में किसी यात्री के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है।

पांचवें कोच से शुरू हुई आग, चार डिब्बे चपेट में

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन नंबर 12508 अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी कर्मभूमि एक्सप्रेस शुक्रवार दोपहर करीब 12:58 बजे फतेहगढ़ साहिब जिले के साधुगढ़ स्टेशन से रवाना हुई थी। इसके कुछ ही देर बाद राजपुरा के पास ट्रेन के इंजन से पांचवें नंबर पर स्थित जनरल कोच में आग लग गई। देखते ही देखते आग आसपास के डिब्बों तक फैल गई और कुल चार कोच इसकी चपेट में आ गए। डिब्बों से निकलते धुएं और आग की लपटों के वीडियो भी सामने आए हैं। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के साथ आग बुझाने का अभियान चलाया गया।

अंबाला से भेजी गई मेडिकल रिलीफ ट्रेन

हादसे के बाद रेलवे ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया। आपात स्थिति से निपटने के लिए अंबाला से दोपहर 1:20 बजे दुर्घटना राहत चिकित्सा ट्रेन (ARME) रवाना की गई। अंबाला मंडल के डीआरएम विनोद कुमार भाटिया भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पटियाला के डिप्टी कमिश्नर हिमांशु अग्रवाल के अनुसार, शुरुआती जानकारी में आग ट्रेन की पेंट्री से शुरू होने की बात सामने आई है। वहीं, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। रेलवे ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। जांच के बाद ही आग लगने की वजह और चारों कोच को हुए नुकसान की पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।
 

Tags - National News Latest National News Karmabhoomi Express Fire Karmabhoomi Express Train Fire