logo

केजरीवाल की आज कोर्ट में होगी पेशी, दूसरी तरफ सुप्रीम कोर्ट में भी सुनवाई

KEJRI.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
दिल्ली शराब नीति मामले में पूछताछ के बाद ईडी ने गुरुवार रात दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया। आज उनको पीएमएलए कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस बीच केजरीवाल ईडी की गिरफ्तारी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचे हैं। केजरीवाल की इस याचिका पर भी आज ही सुनवाई होगी। बता दें कि दिल्ली हाई कोर्ट ने केजरीवाल को एजेंसी की किसी दंडात्मक कार्रवाई से राहत देने से इनकार कर दिया था। जिसके कुछ घंटों बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। 

केजरीवाल की कैसे हुई गिरफ्तारी?
मुख्यमंत्री आवास पर ईडी की टीम के पहुंचने के दो घंटे से अधिक समय बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। सूत्रों ने बताया कि ईडी ने गिरफ्तार करने से पहले केजरीवाल से कुछ देर तक पूछताछ की। अधिकारियों के अनुसार एजेंसी केजरीवाल को रात करीब 11 बजकर 25 मिनट पर एसयूवी गाड़ी से मध्य दिल्ली में अपने कार्यालय लेकर पहुंची। उन्हें गाड़ी में पिछली सीट पर देखा गया। गाड़ी में उनके साथ तीन ईडी अधिकारी थे। उन्होंने बताया कि ईडी द्वारा बुलायी गयी डॉक्टरों की एक टीम ने केजरीवाल का चेकअप किया और अदालत में पेश करने से पहले उन्हें हिरासत में रखा। 


जेल से सरकार चलाएंगे केजरीवाल: आप
आम आदमी पार्टी की तरफ से कहा गया है कि भले ही अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी हो गई है, लेकिन वह दिल्ली के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। जरूरत पड़ने पर, वह जेल से सरकार चलाएंगे। इस बीच आप ने कहा है कि वह दिल्ली में शुक्रवार को प्रदर्शन करने वाली है। पार्टी ने गुरुवार रात भी जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ आप कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। आप नेताओं को भी केजरीवाल के घर के बाहर प्रदर्शन करते हुए देखा गया।