logo

खान सर की गिरफ्तारी नहीं होगी, कोर्ट ने लगाई रोक; सुनवाई में क्या हुआ!

कपोल1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
चर्चित शिक्षक खान सर को फिलहाल बड़ी राहत मिली है। उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा दी है। मंगलवार को हुई सुनवाई में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने यह आदेश पारित किया। इस फैसले के बाद फिलहाल खान सर की गिरफ्तारी नहीं होगी, हालांकि मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है और अंतिम फैसला आगामी सुनवाई में लिया जाएगा। मामला 2 जून की रात का है, जब खान ग्लोबल अकादमी के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई थी। शुरुआत में खान सर की शिकायत के आधार पर ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक और दो बॉडीगार्ड को गिरफ्तार किया गया था। खान सर ने भी दावा किया था कि उनके संस्थान के बाहर कई राउंड फायरिंग हुई थी, जिसके बाद यह मामला सुर्खियों में आ गया और पुलिस ने जांच तेज कर दी।


जांच में आया नया मोड़
पुलिस की जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो खंगाले गए। जांच में सामने आया कि कथित हवाई फायरिंग फैजल खान के ही सुरक्षा गार्ड द्वारा की गई थी। इसके बाद दो बॉडीगार्ड को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो में दो सुरक्षाकर्मी हथियार के साथ फायरिंग करते दिखाई दिए थे। इस खुलासे के बाद मामले की दिशा बदल गई और जांच नए सिरे से आगे बढ़ाई गई।


अगली सुनवाई पर टिकी नजरें
मामले में लगातार हो रहे खुलासों के बीच खान सर पर गिरफ्तारी की आशंका बनी हुई थी। अब अदालत से मिली अंतरिम राहत के बाद उन्हें अस्थायी सुरक्षा मिल गई है। वहीं पुलिस अपनी जांच जारी रखे हुए है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। अगली सुनवाई में अदालत के अंतिम रुख पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Tags - KhanSir Bihar Patna Court Crime