logo

सुभाष जयंती विशेष : ममता बनर्जी की केंद्र से अपील, नेताजी के जन्मदिन पर घोषित हो राष्ट्रीय छुट्टी

ममता बनर्जी की केंद्र से अपील, नेताजी के जन्मदिन पर घोषित हो राष्ट्रीय छुट्टी

कोलकाता: 

आज रविवार यानी 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती है। देश भर में उनकी जयंती मनाई जा रही है। पीएम और राष्ट्रपति सहित कई मंत्रियों और नेताओं ने उनको याद किया। इस मौके पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार से एक खास मांग की है। वो मांग नेताजी सुभाष चंद्र बोस से ही जुड़ा हुआ है। 

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की केंद्र से अपील
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार से अपील की है कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को राष्ट्रीय अवकाश के रूप में घोषित किया जाए। ममता बनर्जी ने कहा कि इससे पूरे राष्ट्र में दिवंगत राष्ट्रीय नेता को श्रद्धांजलि दी जा सकेगी। ममता बनर्जी ने कहा कि नेताजी की जयंती को बतौर देशनायक दिवस उपयुक्त तरीके से मनाया जाये। 

सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थापित होगी
गौरतलब है कि सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उनकी एक प्रतिमा इंडिया गेट पर स्थापित की जाएगी। उनकी ग्रेनाइट की प्रतिमा उसी स्थान पर स्थापित की जाएगी जहां कभी ब्रिटिश सम्राट जार्ज पंचम की प्रतिमा हुआ करती थी। पीएम मोदी ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से इस बात का एलान किया था। पीएम ने ये भी बताया कि जब तक ग्रेनाइट की प्रतिमा बनकर तैयार नहीं होती तब तक नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा इंडिया गेट पर स्थापित की जाएगी। 

23 जनवरी से मनेगा गणतंत्र दिवस समारोह
इसके पहले केंद्र सरकार ने फैसला किया है कि गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत अब से 24 जनवरी की बजाय 23 जनवरी से ही होगी। आमतौर पर अब तक गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत 24 जनवरी से होती थी। अब नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उनको सम्मानित करने के उद्देश्य से गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत 23 जनवरी से होगी।