मुंबई
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में नक्सलवाद के खिलाफ पुलिस को बड़ी उपलब्धि मिली है। कुख्यात माओवादी नेता मल्लौजुला वेणुगोपाल राव उर्फ सोनू ने अपने 60 साथियों के साथ पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। यह सरेंडर अभियान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में चल रहे राष्ट्रीय स्तर के एंटी-नक्सल ऑपरेशन की बड़ी सफलता मानी जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, CPI (माओवादी) संगठन से जुड़े सोनू लंबे समय से गढ़चिरौली और आसपास के इलाकों में सक्रिय था। उसने सितंबर में एक प्रेस नोट जारी कर आत्मसमर्पण के संकेत दिए थे, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां लगातार संपर्क में थीं। सोमवार को उसने अपने गुट के 60 सदस्यों के साथ हिंसा का रास्ता छोड़ शांति की ओर कदम बढ़ाया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस ऑपरेशन के तहत कई और नक्सली आत्मसमर्पण की प्रक्रिया में हैं। गृह मंत्रालय ने इसे नक्सलवाद के खिलाफ चल रही मुहिम में एक “मील का पत्थर” बताया है। अधिकारियों ने कहा, “यह सफलता केंद्र और राज्य सरकारों की संयुक्त रणनीति का परिणाम है, जिसका उद्देश्य देश से नक्सलवाद का पूर्ण उन्मूलन है।”
