डेस्क:
मदर डेयरी ने दूध के दामों में एक बार फिर इजाफा किया है। मंगलवार यानि आज से मदर डेयरी का दूध 2 रुपये महंगा हो गया है। मदर डेयरी ने कहा है कि गाय के दूध और टोकन वाले दूध कीमतों में किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया गया। मदर डेयरी ने इनपुट लागत में बढ़ोतरी का हवाला देते हुए दिल्ली-एनसीआर के बाजार में दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। बता दें कि मदर डेयरी ने इस साल पांचवीं बार दूध की कीमत में बढ़ोतरी की है।

जानें क्या है नया रेट
फुल क्रीम की एक लीटर की थैली अब 64 रुपये के बजाय 66 रुपये में मिलेगी। इसकी आधा लीटर की थैली के लिए 32 रुपये के बजाय अब 33 रुपये चुकाने होंगे। टोंड मिल्क (Toned Milk) की एक लीटर की थैली अब 53 रुपये में मिलेगी। पहले इसकी कीमत 51 रुपये थी। इसकी आधी लीटर की थैली अब 26 रुपये के बजाय 27 रुपये में मिलेगी। इसी तरह डबल टोंड मिल्क की एक लीटर की थैली अब 45 रुपये के बजाय 47 रुपये में मिलेगी। इसकी आधी लीटर की थैली 23 के बजाय 24 रुपये में मिलेगी। इससे पहले कंपनी ने पिछले महीने फुल क्रीम और टोकन मिल्क की कीमत में बढ़ोतरी की थी। काउ मिल्क और टोकन मिल्क की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

इस साल पांचवीं बार दूध के कीमत में हुई बढ़ोतरी
मदर डेयरी ने इस साल पांचवीं बार दूध की कीमत में बढ़ोतरी की है। मदर डेयरी दिल्ली-एनसीआर (Delhi NCR) में सबसे बड़े दूध सप्लायर में से एक है। इसकी यहां 30 लाख लीटर प्रति दिन की खपत है। कंपनी ने नवंबर में फुल क्रीम दूध की कीमत बढ़ाकर 64 रुपये प्रति लीटर कर दी थी। दूध की कीमतों में बढ़ोतरी महंगाई से परेशान आम लोगों के घरेलू बजट को प्रभावित करेगी।