रांची:
भारतीय क्रिकट टीम के पूर्व कप्तान और झारखंड के लाल महेंद्र सिंह धोनी राज्य के सबसे बड़े करदाता हैं। और इस बात से कोई भी अंजान नहीं है। प्रदेश में टैक्स पे करने में एक बार फिर धोनी अव्वल रहे हैं। बीते वित्तीय वर्ष में धोनी ने 13 करोड़ रुपये एडवांस टैक्स जमा किया था, जबकि चालू वित्तीय वर्ष में यह राशि 17 करोड़ है। क्रिकेट से अलविदा कहने के बाद भी धोनी की आय में कमी नहीं बल्कि खासा बढ़ोतरी हुई है। धोनी ने पिछली बार के मुकाबले चार करोड़ रुपये अधिक एडवांस टैक्स जमा करने के आधार पर चालू वित्तीय वर्ष में धोनी की आय में 30 प्रतिशत बढ़ोतरी का अनुमान लगाया जा रहा है। क्रिकेट जगत में कदम रखने के बाद से अब तक धोनी राज्य के सबसे बड़े व्यक्तिगत करदाता बने हुए हैं। भारतीय टीम को टी-20 और एक दिवसीय का विश्व चैंपियन बना चुके धोनी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले चुके हैं और फिलहाल केवल आइपीएल ही खेलते हैं।

बिजनेस की पिच पर भी शानदार पारी खेल रहे धोनी
15 अगस्त 2020 को इंटरनेशनल क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से बतौर प्लेयर दूरी बनाने के बावजूद धोनी बिजनेस की पिच पर भी शानदार पारी खेल रहे हैं। धोनी ड्रोनी (गरुड़ा एयरो स्पेस के साथ मिल कर ड्रोन का उत्पादन करेंगे), बाइक रेसिंग टीम, फुटबॉल फ्रेंचाइजी, खाता-बुक मोबाइल ऐप एंड सॉफ्टवेयर, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, फूड एंड बेवरेज कंपनी, स्पोर्ट्स फिट, स्पोर्ट्स मार्केटिंग एंड मैनेजमेंट में अपना निवेश कर रहे हैं।

किस साल किया कितना भुगतान
बता दें कि वर्ष 2021-22 के लिए आयकर विभाग को बतौर एडवांस टैक्स 38 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। जबकि पिछले साल यानी वर्ष 2020-21 में यह रकम 30 करोड़ के आसपास थी। वर्ष 2019-20 में उन्होंने 28 करोड़ और इसके पहले 2018-19 में भी लगभग इतनी ही राशि आयकर के तौर पर चुकायी थी। इसके पहले उन्होंने 2017-18 में 12.17 करोड़ और 2016-17 में 10.93 करोड़ का इनकम टैक्स चुकाया था।