logo

पंजाब : आप ने राज्यसभा के लिए इन चेहरों को किया नॉमिनेट, जानिए उनका पूरा परिचय

WhatsApp_Image_2022-03-21_at_14_39_05.jpeg

डेस्क: 

भगवंत मान ने 16 मार्च को पंजाब के 18वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। उनका शपथ ग्रहण समारोह शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़कलां में हुआ। शपथ ग्रहण समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत पार्टी के अन्य नेता शामिल हुए थे। आपको बता दें कि पंजाब विधानसभा की 117 सीटों में आम आदमी पार्टी  ने 92 सीटों पर जीत हासिल की है। भगवंत मान के शपथ ग्रहण समारोह में 3 लाख से अधिक लोग शामिल हुए थे।  

अब आम आदमी पार्टी पंजाब राज्यसभा के लिए कुछ नए चेहरे ला रही है। आम आदमी पार्टी ने पंजाब से कई लोगों को राज्यसभा के लिए नामित किया है। इनमें से कुछ को आप पहले से जानते हैं और कुछ लोगों को शायद नही जानते होंगे। आम आदमी पार्टी ने पंजाब से राज्यसभा के लिए जिन लोगों को नामित किया है उनमें पहला नाम क्रिकेटर हरभजन सिंह का है। आप ने इसके अलावा राघव चड्ढा, अशोक मित्तल संजीव अरोड़ा और डॉ. संदीप पाठक को नामित किया है। 

हरभजन सिंह
हरभजन सिंह पेशे से क्रिकेटर हैं। उन्होंने हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया है। हरभजन सिंह प्लाहा का जन्म 13  जुलाई 1980 को जालन्धर (पंजाब) में हुआ था। हरभजन सिंह ने लंबे समय तक टीम इंडिया के लिए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेला है। इंडियन प्रीमियर लीग में हरभजन सिंह, मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा रहे हैं। हरभजन सिंह को पंजाब के नवनियुक्त सीएम भगवंत मान का करीबी माना जाता है। 

राघव चड्ढा 
राघव चड्ढा आम आदमी पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता हैं। कहा जाता है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की जीत में राघव चड्ढा ने अहम भूमिका निभाई। राघव चड्ढा का जन्म 11 नवंबर 1988 को दिल्ली में हुआ था। इन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है। राघव चड्ढा पेशे से सीए हैं। साल 2015 में दिल्ली आप की सरकार बनी थी तो राघव चड्ढा को  AAP का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया था। 

अशोक मित्तल
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के फाउंडर अशोक मित्तल को भी आप ने राज्यसभा के लिए नामित किया है। वो देश के सफल उद्योगपतियों में से एक हैं। विभाजन के समय अशोक मित्तल का परिवार पाकिस्तान से हिंदुस्तान आ गया था। उनके पिता ने जालंधर में मिठाई की दुकान से अपने बिजनस की शुरुआत की थी जिसका नाम था लवली स्वीट्स। इसके बाद ऑटोमोबाइल क्षेत्र में मारुति कार की डीलरशिप में सफलता मिली। इसके बाद 2001 में अपना संस्थान खोला और उसे पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी से संबंद्ध कराया। एलपीयू को 2005 में यूनिवर्सिटी का दर्जा मिला और वो पंजाब की पहली निजी यूनिवर्सिटी बन गई। एलपीयू आज 35 देशों के 30,000 से ज्यादा छात्रों को शिक्षा दे रही है। 


 
संजीव अरोड़ा 
आप आदमी पार्टी ने राज्यसभा के लिए संजीव अरोड़ा को भी नॉमिनेट किया है। संजीव अरोड़ा लुधियाना के जाने-माने टेक्सटाइल कारोबारी हैं। वो पिछले 2 दशक से समाज सेवा कर रहे हैं। महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ-साथ वह कृष्णा प्राण ब्रेस्ट कैंसर चैरिटेबल ट्रस्ट भी चला रहे हैं। 

डॉ. संदीप पाठक 
संदीप पाठक छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के लोरमी के रहने वाले हैं। संदीप के पिता शिवकुमार पाठक एक किसान हैं। 4 अक्टूबर 1979 को जन्मे संदीप परिवार के सबसे बड़े बेटे हैं। संदीप से छोटे उनके भाई प्रदीप पाठक औऱ बहन प्रतिभा पाठक हैं। संदीप ने शुरुआती पढ़ाई लोरमी से की। इसके बाद वह आगे की पढ़ाई के लिए बिलासपुर चले गए। कॉलेज की स्टडी उन्होंने हैदराबाद से की। लंदन की कैंब्रिज यूनिवर्सिटी से उन्होंने मास्टर और पीएचडी किया। वहां करीब 6 साल रहने के बाद वह अपने देश लौट आए।