logo

दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलीं NDA की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू

A341.jpg

डेस्क: 

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की तरफ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। मुलाकात की तस्वीरें प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया है। एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू 24 जून यानी कल नामांकन दाखिल करेंगी। नामांकन की आखिरी तारीख 29 जून है। राष्ट्रपति चुनाव के लिए 18 जुलाई को वोट डाले जाएंगे और 21 जुलाई को परिणाम घोषित किया जायेगा। संख्याबल के लिहाज से द्रौपदी मुर्मू का देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति बनना तय है। 

पीएम मोदी ने द्रौपदी मुर्मू की प्रशंसा की
पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की तस्वीर अपने ऑफिशियल ट्विटर पर शेयर की और लिखा कि द्रौपदी मुर्मू जी से मुलाकात हुई। उनके राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी को पूरे भारत में समाज के सभी वर्गों द्वारा सराहा गया। पीएम ने द्रौपदी मुर्मू की प्रशंसा में लिखा कि जमीनी समस्याओं की उनकी समझ और भारत के विकास का दृष्टिकोण उत्कृष्ट है। 

झारखंड की पहली महिला राज्यपाल रही हैं
गौरतलब है कि 21 जून की शाम को एनडीए की तरफ से ऐलान किया गया कि उनकी तरफ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू होंगी। ओडिशा के मयूरभंज में जन्मीं द्रौपदी मुर्मू रायरंगपुर विधानसभा सीट से 2 बार विधायक रहीं। ओडिशा में बीजेपी-बीजेडी सरकार में मंत्री रहीं। द्रौपदी मुर्मू झारखंड की पहली महिला राज्यपाल भी रहीं। उनकी जीत तय मानी जा रही है।