logo

पटना : 5 जुलाई को बिहार आएंगी NDA की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू

A30.jpg

डेस्क:

 
राष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू 5 जुलाई को बिहार आएंगी। द्रौपदी मुर्मू अपने बिहार दौरे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कई बड़े नेताओं से मुलाकात करेंगी। वो नेताओं से अपने पक्ष में वोट डालने की अपील करेंगी। गौरतलब है कि एनडीए के सभी घटक दलों ने पहले की राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने का ऐलान कर दिया है। 

गांधी मैदान के पास होटल में रूकेंगी
मिली जानकारी के मुताबिक 5 जुलाई को पटना पहुंचने के बाद द्रौपदी मुर्म गांधी मैदान के पास स्थित एक होटल में रूकेंगी। द्रौपदी मुर्मू को बिहार में एनडीए के घटक दल जेडीयू के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम की पार्टी हम ने भी समर्थन देने का ऐलान किया है।

पटना प्रवास के दौरान जीतनराम मांझी भी द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह भी प्रस्तावक हैं। ललन सिंह के अलावा जेडीयू सांसद सुनील कुमार पिंटू, चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, आलोक कुमार सुमन, दिलेश्वर कामत ने भी प्रस्ताव की भूमिका निभाई थी। बिहार बीजेपी से उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी भी प्रस्तावक बनी थीं। 

21 जून को हुआ था उम्मीदवारी का ऐलान
गौरतलब है कि 21 जून को एनडीए ने झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को उम्मीदवार बनाने का ऐलान किया। द्रौपदी मुर्मू ओडिशा के मयूरभंज जिला स्थित रायरंगपुर विधानसभा सीट से 2 बार विधायक रह चुकी हैं। बीजेडी-बीजेपी गठबंधन सरकार में मंत्री रह चुकी हैं।

द्रौपदी मुर्मू ने 24 जून को नामांकन दाखिल किया। इसमें पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह सहित कई केंद्रीय मंत्रियों और बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने हिस्सा लिया। घटक दल के लोग भी शामिल हुए।