द फॉलोअप डेस्क
हाल ही में NCERT ने कई नई पाठ्यपुस्तकों को जारी किया है, जिनमें नए अध्याय भी जोड़े गए हैं। इन्हीं में अब एक अहम पहलू के रूप में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को स्कूली शिक्षा में शामिल किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (NCERT) एक विशेष कक्षा मॉड्यूल तैयार कर रही है, जो छात्रों को भारत की सुरक्षा नीति और कूटनीतिक कदमों के बारे में जानकारी देगा।
इस मॉड्यूल को दो हिस्सों में विभाजित किया जाएगा, पहला भाग कक्षा 3 से 8 तक के छात्रों के लिए और दूसरा भाग कक्षा 9 से 12 के लिए होगा। बताया गया है कि यह सामग्री आठ से दस पन्नों की होगी, जिसमें जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत की सैन्य कार्रवाई को विस्तार से समझाया जाएगा। यह मॉड्यूल यह भी स्पष्ट करेगा कि आतंकवादी खतरे का सामना करने में भारत की सैन्य, कूटनीतिक और मंत्रालयीय इकाइयों के बीच तालमेल कितना अहम होता है।

क्या है 'ऑपरेशन सिंदूर'?
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए एक भयावह आतंकी हमले में 26 लोगों को उनके परिजनों के सामने गोली मार दी गई थी। इसके जवाब में भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर और पाकिस्तान में स्थित आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया। यह सैन्य अभियान चार दिनों तक चला और इसमें भारत ने निर्णायक रूप से अपनी रणनीतिक क्षमता का प्रदर्शन किया। पूर्व सैन्य अधिकारियों ने भी NCERT की इस पहल की प्रशंसा की है और इसे राष्ट्रभक्ति और रक्षा-शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
