logo

विरार में अवैध इमारत ढहने से मां-बेटी समेत 14 की मौत, बिल्डर गिरफ्तार

pal000123.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
महाराष्ट्र के पालघर जिले के विरार इलाके में बुधवार तड़के एक चार मंजिला अवैध इमारत का पिछला हिस्सा अचानक ढह गया। इस दर्दनाक हादसे में मां-बेटी समेत 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। हादसा रात करीब 12:05 बजे हुआ, जिसके बाद मलबा हटाने और राहत कार्य का सिलसिला तुरंत शुरू किया गया। अब तक कुल 17 लोगों की जानकारी सामने आई है, जिनमें से 14 की मौत हो चुकी है, एक घायल है और दो को सुरक्षित निकाला गया है। मलबे से छह शवों को बाहर निकाला गया, जबकि बाकी लोगों ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।


बचाव अभियान जारी, बिल्डर हिरासत में, इलाके में एहतियात
रमाबाई अपार्टमेंट नामक यह इमारत वर्ष 2012 में बनी थी, जिसमें कुल 50 फ्लैट थे। ढहने वाला हिस्सा 12 फ्लैटों वाला था। वसई विरार नगर निगम (VVMC) की शिकायत के बाद पुलिस ने इमारत के बिल्डर को गिरफ्तार कर लिया है, क्योंकि निर्माण अवैध रूप से किया गया था। घटनास्थल पर राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की दो टीमें लगातार बचाव कार्य में जुटी हैं। जिला कलेक्टर इंदु रानी जाखड़ ने आशंका जताई है कि मलबे में अभी और लोग फंसे हो सकते हैं। आपदा प्रबंधन अधिकारी विवेकानंद कदम ने बताया कि जिस चॉल पर यह इमारत गिरी थी, वह हादसे के समय खाली थी। 


ऐहतियातन, आसपास की अन्य चॉलों को भी खाली करवा दिया गया है और सभी प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। तंग और भीड़भाड़ वाले इलाके के कारण राहत कार्य में शुरुआती देरी हुई, लेकिन अब भारी मशीनों के ज़रिए मलबा हटाने का काम तेज़ी से चल रहा है। हादसे के कारण कई परिवार बेघर हो गए हैं और फिलहाल चंदनसर समाज मंदिर में शरण लिए हुए हैं, जहां उन्हें भोजन, पानी, दवाइयों और अन्य जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं।

Tags - Nationa। News Nationa। News Update Nationa। News।ive Country News Breaking News।atest