logo

दिल्ली : पीएम मोदी ने नव-निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी, बोले- उनकी जीवन यात्रा हमारी प्रेरणा है

a1311.jpg

डेस्क:

द्रौपदी मुर्मू देश की 15वीं राष्ट्रपति चुनी गईं। द्रौपदी मुर्मू देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति चुनी गई हैं। राष्ट्रपति निर्वाचित होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार देर शाम दिल्ली स्थित द्रौपदी मुर्मू के आवास में पहुंचे और उनको बधाई दी। इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री इस दौरान काफी देर तक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आवास पर रूके और उनसे वार्ता की। 

 

पीएम मोदी ने हार्दिक बधाई दी
पीएम मोदी ने सिलसिलेवार ढंग से एक के बाद एक कई ट्वीट करके द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर बधाई दी और इसे ऐतिहासिक बताया। पीएम मोदी ने लिखा कि भारत ने आज इतिहास लिखा है। ऐसे वक्त में जबकि देश के सवा अरब लोग आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, पूर्वी भारत के एक सुदूर हिस्से में पैदा हुई आदिवासी समुदाय की भारत की बेटी को हमारा राष्ट्रपति चुना गया है। 

उनकी जीवन यात्रा हमारी प्रेरणा!
पीएम ने आगे लिखा कि श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का जीवन, उनके शुरुआती संघर्ष, उनकी समृद्ध सेवा और उनकी अनुकरणीय सफलता प्रत्येक भारतीय को प्रेरित करती है। वे हमारे नागरिकों विशेष रूप से गरीबों, वंचितों और दलितों के लिए आशा की किरण बनकर उभरी हैं। पीएम ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू जी एक उत्कृष्ट विधायक और मंत्री रही हैं। झारखंड के राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल शानदार रहा। मुझे विश्वास है कि वह एक उत्कृष्ट राष्ट्रपति भी साबित होंगी। आगे बढ़कर नेतृत्व करेंगी और भारत की विकास यात्रा को और भी मजबूत करेंगी। 

सभी सांसदों और विधायकों का शुक्रिया!
अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं उन सभी सांसदों और विधायकों को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने पार्टी लाइन से ऊपर उठकर द्रौपदी मुर्मू जी की उम्मीदवारी का समर्थन किया। उनकी रिकॉर्ड जीत हमारे लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है। गौरतलब है कि द्रौपदी मुर्मू ओडिशा के मयूरभंज जिला स्थित रायरंगपुर विधानसभा क्षेत्र के पहाड़पुर गांव की रहने वाली हैं। उनका मायका ऊपरवाड़ा में है। वे रायरंगपुर सीट से 2 बार बीजेपी के टिकट पर चुनाव जीतीं। बीजेपी-बीजेडी सरकार में मंत्री रहीं। उनको झारखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। अब राष्ट्रपति बनी हैं।