logo

PM मोदी का रांची दौरा : 6 आईएएस, 5 आईपीएस और 3000 पुलिस जवान संभालेंगे सुरक्षा की कमान

pm_modi.jpeg

रांची 
PM नरेंद्र मोदी के रांची-खूंटी दौरे को लेकर अलग-अलग कार्यक्रम स्थलों पर छह आईएएस और पांच आईपीएस अफसरों को बहाल किया गया है। प्रधानमंत्री का 14-15 नवंबर को बिरसा मुंडा मेमोरियल रांची, उलीहातु खूंटी और बिरसा कॉलेज मैदान खूंटी में कार्यक्रम होना है। कार्यक्रमों के संचालन, प्रोटोकॉल और सुरक्षा के निर्धारित मापदंड के अनुसार सभी वरीय अफसर की प्रतिनियुक्ति कर दी गयी है। पांच आईपीएस और छह आईएएस अफसरों के साथ-साथ आधा दर्जन के करीब डीएसपी को भी राजधानी रांची में होने वाले PM मोदी के रोड शो की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

रांची और खूंटी में चार कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे मोदी 

गौरतलब है कि झारखंड स्थापना दिवस यानी 15 नवंबर को PM नरेंद्र मोदी रांची और खूंटी में चार स्थानों पर कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। PM की सुरक्षा में रांची एयरपोर्ट से लेकर खूंटी तक आईपीएस, डीएसपी सहित 3000 से ज्यादा पुलिस जवान तैनात रहेंगे। PM के कार्यक्रम में सुरक्षा के साथ-साथ दूसरे इंतजामों में कोई कमी न रह जाये, इसके लिए झारखंड पुलिस अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। अधिकारियों की सुरक्षा बैठक और संबंधित स्थलों का दौरा लगातार जारी है। रांची और खूंटी के सभी कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा के लिए एसपीजी और झारखंड पुलिस मुख्यालय ने मिलकर तैयारी की है। 

एसपीजी की टीम कर चुकी है बिरसा एयरपोर्ट का दौरा 

बीते 11 नवंबर को एसपीजी की टीम ने रांची के बिरसा एयरपोर्ट और खूंटी के दोनों कार्यक्रम स्थलों का जायजा भी लिया है। कार्यक्रम स्थल को छह जोन में बांटा गया है। हर जोन में सुरक्षा के प्रभार आईपीएस अधिकारियों के जिम्मे होगा। आपातकालीन स्थिति के लिए प्रधानमंत्री के लिए दो कारकेड की भी व्यवस्था गयी है। कारकेड में बुलेट प्रूफ वाहन रहेंगे। वहीं, मंच से हेलीपैड तक जाने के रास्ते को जोन पांच में बांटा गया है। यह जोन नो मैंस लैंड की तरह होगा। इस रास्ते पर किसी को आने की इजाजत नहीं होगी।